Saturday, 15 June 2019

शासकीय अस्पतालों की व्यवस्थाएं सुधारकर मरीजों की बेहतर सेवा करें


शासकीय अस्पतालों की व्यवस्थाएं सुधारकर मरीजों की बेहतर सेवा करेंस्वास्थ्य मंत्री श्री सिलावट ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश




खण्डवा 14 जून, 2019 - प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री एवं खण्डवा जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा जिला अस्पताल व जिले के अन्य शासकीय चिकित्सालयों में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्र में स्थित सिविल अस्पतालों , प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र व उप स्वास्थ्य केन्द्रों की व्यवस्थाओं में सुधार लाया जाये तथा प्रयास किया जाये कि अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। उन्होंने बैठक में मौजूद सभी सिविल सर्जन व विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों से चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टॉफ अच्छा व्यवहार करें, यह सुनिश्चित किया जाये। बैठक में मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश परिहार सहित मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान, सिविल सर्जन डॉ. ओ.पी. जुगतावत, स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
            बैठक में स्वास्थ्य मंत्री श्री सिलावट ने नगर निगम आयुक्त को जिला अस्पताल परिसर में साफ सफाई की व्यवस्था के लिए निर्देशित किया। उन्होंने जिला अस्पताल की बाउन्ड्रीवाल के बाहर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश बैठक में दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अपना अग्रिम भ्रमण कार्यक्रम हर माह नियमित रूप से भेजे तथा अधीनस्थ अस्पतालों का नियमित दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं में सुधार लायें। स्वास्थ्य मंत्री श्री सिलावट ने संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. लक्ष्मी बघेल को भी संभाग के सभी जिलों के अस्पतालों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री श्री सिलावट ने सिविल सर्जन को अस्पताल की पानी की टंकियों की हर 15 दिन में सफाई कराने के निर्देश दिए तथा जिला अस्पताल में मरीजों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए दो अतिरिक्त आरओ सिस्टम की व्यवस्था जन सहयोग से कराने के लिए कहा है। उन्होंने मरीज पंजीयन परिसर में सीलिंग फेन की व्यवस्था कराने के निर्देश भी दिए। स्वास्थ्य मंत्री श्री सिलावट ने पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भर्ती बच्चों व उनकी माताओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी व विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए। 
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने उपस्थित चिकित्सा अधिकारियों को संस्थागत प्रसव बढ़ाने तथा शिशु मृत्यु दर व मातृ मृत्युदर में कमी लाने के लिए प्रयास करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने वर्षा से पूर्व सभी सरकारी अस्पतालों में मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक दवाईयां उपलब्ध कराने के निर्देश भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिले में 29 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा पोषण पुनर्वास केन्द्रों में कुल 110 बच्चों को भर्ती करने की क्षमता है। 

No comments:

Post a Comment