Tuesday, 9 April 2019

स्वीप गतिविधियों पर विशेष ध्यान दें, आयोग के प्रावधानों का सख्ती से पालन करें - कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी श्री गढ़पाले

स्वीप गतिविधियों पर विशेष ध्यान दें, आयोग के प्रावधानों का सख्ती से पालन करें  - कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी श्री गढ़पाले
खण्डवा संसदीय क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की बैठक सम्पन्न
 

खण्डवा 9 अप्रैल, 2019 - आगामी लोकसभा निर्वाचन के दौरान अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें, इसके लिए खण्डवा संसदीय क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाये तथा मतदाताओं को आगामी 19 मई को खण्डवा संसदीय क्षेत्र में तथा 6 मई को जिले के हरसूद विधानसभा क्षेत्र में मतदान के लिए प्रेरित किया जाये। लोकसभा निर्वाचन की सभी कार्यवाही भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए सम्पन्न की जायें। यह निर्देश कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी खण्डवा संसदीय क्षेत्र श्री विशेष गढ़पाले ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की बैठक में दिए। बैठक में बुरहानपुर, नेपानगर, सनावद, बड़वाह, बागली के एसडीएम व सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के साथ साथ जिले के पंधाना, मांधाता, हरसूद व खण्डवा विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी श्री गढ़पाले ने कहा कि मतदान दलों के साथ साथ वीडियोग्राफर्स, माइक्रो आब्जवर्स, वाहन चालक, बी.एल.ओ. सहित निर्वाचन कार्य में लगे अन्य सभी लोगों को उनके कर्त्तव्यों से संबंधित प्रशिक्षण अवश्य दिया जायें, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी त्रुटि की संभावना न रहे। उन्होंने बैठक में सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारियों से कहा कि वे आयोग के प्रावधानों का अच्छी तरह अध्ययन करे तथा आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही करें। उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों में पिंक बूथ व आदर्श मतदान केन्द्र तैयार कराने तथा दिव्यांगों की सुविधा के लिए मतदान केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश भी बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांग मतदाताओं को उनके घर से मतदान केन्द्र तक आने में परेशानी न हो इसके लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की जाये तथा मतदान के दिन दिव्यांगों की मदद करने के लिए कुछ स्वयंसेवकों को भी जिम्मेदारी दें। कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी श्री गढ़पाले ने कहा कि मतदान केन्द्रों के बाहर ठण्डे पानी के मटके की व्यवस्था, रेम्प की व्यवस्था मतदाताओं के लिए प्रतिक्षा कक्ष, बच्चों के लिए झूला घर तथा मेडिकल अटेडेंट के रूप में आशा कार्यकर्ता को मतदान केन्द्र पर तैनात किया जाये। 
         कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी श्री गढ़पाले ने बैठक में निर्देश दिए कि विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का अधिकतम 48 घंटे में निराकरण कर उसे पोर्टल पर दर्ज करायें। उन्होंने कहा कि सी विजिल एप में दर्ज शिकायतों को 100 मिनिट में निराकरण कर उसकी जानकारी एप पर दर्ज करायें। उन्होंने सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाएं देखें तथा जो भी कमियां पाई जाये उन्हें पूरा किया जाये। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर अधिकारी व मतदान दल मतदान के एक दिवस पूर्व अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों में ही रूकेंगे। कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी श्री गढ़पाले ने सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारियों से कहा कि मतदान के दिन विभिन्न जानकारियां निर्धारित प्रारूप में समय समय पर तत्काल खण्डवा के कन्ट्रोल रूम को भेजी जायें, ताकि संसदीय क्षेत्र स्तर की जानकारी तैयार कर आयोग को समय पर भेजी जा सके।  

No comments:

Post a Comment