महाशिवरात्रि पर ’ओंकारेश्वर‘ ( Omkareshwar ) मोबाइल एप लोकार्पित
’ओंकारेश्वर के चाँदी के सिक्के, बेलपत्री व रुद्राक्ष ऑनलाइन व काउंटर पर भी उपलब्ध’
खण्डवा 4 मार्च, 2019 - महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट के मोबाइल एप ’ओंकारेश्वर ( Omkareshwar )’ का लोकार्पण विधायक माँधाता श्री नारायण पटेल ने किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले व मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख ट्रस्टी श्री राव देवेंद्र सिंह भी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बताया कि इस एप को किसी भी एंड्रोईड मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से निःशुल्क डाउनलोड किया जा सकता है। इस मोबाइल एप के माध्यम से श्रृद्धालु ओंकारेश्वर मंदिर में वीआईपी दर्शन के साथ साथ पूजन हेतु भी एडवांस बुकिंग करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि महाप्रसाद के लड्डू ऑर्डर कर सकते हैं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधाओं में वृद्धि हेतु मंदिर में ऑनलाइन डोनेशन दे सकते हैं। इमेज और वीडियोे गैलरी में लेटेस्ट फोटो और वीडियोे देख सकते हैं। इस एप में सबसे बड़ी सुविधा लाइव दर्शन की है जो पहले मंदिर के अधिकारिक पोर्टल पर ही उपलब्ध थी। इसी के साथ इसमें यहाँ आने वाले लोगों के लिए अन्य जानकारी भी है।
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बताया कि महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर मोबाइल एप ’ओंकारेश्वर ( Omkareshwar )’ के साथ साथ आज से श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट ने भगवान ओंकारेश्वर के चित्र वाले चाँदी के सिक्के, चाँदी के बेलपत्री तथा रुद्राक्ष भी ऑनलाइन तथा काउंटर के माध्यम से उपलब्ध कराना प्रारम्भ किया है जिससे प्रत्येक श्रृद्धालु तक इन पवित्र एवं पूजनीय वस्तुओं की उपलब्धता हो सके। आज महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट ने अपने ’भक्त निवास’ के लिए भूमिपूजन भी किया। इस भक्त निवास से दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को रुकने की एक और व्यवस्था मिलेगी। यह उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व ही मंदिर ट्रस्ट ने प्रसादालय परिसर में ही लोगों के रुकने के लिए व्यवस्था प्रारम्भ की थी जिसका भक्तजन उपयोग कर रहे हैं। मोबाइल एप डाउनलोड करने का लिंक https://play.google.com/store/apps/details?id=com.shriomkareshwar हैं।

No comments:
Post a Comment