Monday, 11 March 2019

लोकसभा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी अधिकारी निष्पक्ष रहकर कार्य करें - कलेक्टर श्री गढ़पाले

लोकसभा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी अधिकारी निष्पक्ष रहकर कार्य करें  - कलेक्टर श्री गढ़पाले

खण्डवा 11 मार्च, 2019 - लोकसभा निर्वाचन के लिए आदर्श आचरण संहिता लागू हो चुकी है। सभी अधिकारी इस दौरान निष्पक्ष रहकर कार्य करें। बिना अनुमति के कोई भी अधिकारी मुख्यालय न छोड़े। अत्यावश्यक होने पर जिला निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से अवकाश स्वीकृत कराकर ही मुख्यालय से बाहर जायें। यह निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशेष गढ़पाले ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। बैठक में सहायक कलेक्टर श्री सौरभ सोनवणे, एसडीएम हरसूद श्री पार्थ जायसवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. इवने सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, एसडीएम तहसीलदार व जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भी मौजूद थे। 
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने अपने क्षेत्र में मुद्रकों व प्रकाशकों की बैठक लेकर उन्हें लोकसभा निर्वाचन के दौरान प्रचार सामग्री पर मुद्रक व प्रकाशक का नाम तथा प्रचार सामग्री की कितनी प्रति मुद्रित की जा रही है यह संख्या भी प्रचार सामग्री पर अंकित करने के संबंध में निर्देश दें। उन्होंने सभी एसडीएम को डीजे संचालकों, टेंट व्यवसाइयों व केबल ऑपरेटर्स को भी निर्वाचन आयोग के प्रावधानों से अवगत कराने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि आचार संहिता लागू रहने तक अब बिना निर्वाचन आयोग की लिखित अनुमति के कोई भी अधिकारी न तो जिले से अन्य जिले के लिए कार्य मुक्त हो सकेगा और न ही अन्य जिले का अधिकारी यहां कार्यभार ग्रहण कर  सकेगा। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को अपने-अपने अधीनस्थ कार्यालयों में सम्पत्ति विरूपण न होने संबंधी प्रमाण पत्र निर्वाचन कार्यालय में जमा कराने के लिए कहा। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने निर्देश दिए कि जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों सहित विभिन्न कार्यालयों में जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई वाहन एवं अन्य सुविधाएं तत्काल प्रभाव से वापस ली जायें। 
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि उपार्जन केन्द्रों पर किसानों को कोई परेशानी न हो यह सुनिश्चित किया जाये। साथ ही यह भी ध्यान रखा जाये कि समर्थन मूल्य पर खरीदी का कार्य केवल ऑनलाइन ही किया जाये, ऑफलाइन न किया जाये। उन्होंने सभी एसडीएम व तहीलदारों को उनके क्षेत्र में एसिड विक्रय एवं विस्फोटक सामग्री के भण्डारण की जांच करने के लिए भी कहा।

No comments:

Post a Comment