Monday, 11 February 2019

लोकसभा निर्वाचन से पूर्व मतदाता जागरूकता गतिविधियां बढ़ायें - कलेक्टर श्री गढ़पाले

लोकसभा निर्वाचन से पूर्व मतदाता जागरूकता गतिविधियां बढ़ायें
- कलेक्टर श्री गढ़पाले 

खण्डवा 11 फरवरी, 2019 - आगामी माह में लोकसभा निर्वाचन के लिए आचार संहिता लागू होना है। अतः सभी अधिकारी अपने-अपने स्तर से मतदाता जागरूकता गतिविधियां बढ़ायें। सभी जिला अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी व जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनिश्चित करें कि उनके कार्यालयीन पत्र व्यवहार पर मतदाता जागरूकता संबंधी नारे अंकित किए जायें। शासकीय भवनों की दीवारों पर मतदाता जागरूकता के नारे अंकित किए जाये। यह निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशेष गढ़पाले ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र , अपर कलेक्टर श्री बी.एस. इवने सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बताया कि खालवा विकासखण्ड के ग्राम गुलाईमाल में विद्युत वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। यहां स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्र को प्रसव केन्द्र के रूप में विकसित किया जाना है। उन्होंने अधीक्षण यंत्री विद्युत वितरण कम्पनी को निर्देश दिए कि इस भवन में पर्याप्त वोल्टेज के साथ विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था करें। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 16 फरवरी को आयोजित होने वाली राजस्व लोक अदालत के लिए प्रकरण चिन्हित कर रखे तथा लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने एसडीएम पंधाना को निर्देश दिए कि गत दिनों पंधाना क्षेत्र में इंदौर इच्छापुर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना के घायलों को आर्थिक मदद स्वीकृत करें। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र के निराश्रित व गरीब पेंशनरों के आधार नम्बर, फोन नम्बर व फोटो की जानकारी रिकार्ड में अपडेट करें। उन्होंने सहायक संचालक रेशम के बैठक में अनुपस्थित रहने पर उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने नगर निगम आयुक्त को नगरीय क्षेत्र के तालाबों के गहरीकरण व साफ सफाई कराने तथा इनसे निकली उपजाऊ मिट्टी का उपयोग शहर के उद्यानों में करने के लिए भी कहा है। उन्होंने सभी तहसीलदारों को विभिन्न विभागों की शासकीय सम्पत्तियों को राजस्व रिकार्ड में दर्ज करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने पुनासा, छैगांवमाखन व खण्डवा के जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को कावेरी नदी के पुर्नजीवन के लिए कार्य योजना तैयार करने तथा नदी के आसपास जल ग्रहण संरचनाएं विकसित करने के लिए भी कहा। 

No comments:

Post a Comment