सीडीपीओ, बीएमओ व सेक्टर सुपरवाइजर्स अधिक दौरे कर व्यवस्थाओं में सुधार लाएं - कलेक्टर श्री गढ़पाले
खण्डवा 12 फरवरी, 2019 - स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी व सेक्टर सुपरवाइजर्स अपने अपने क्षेत्र के ग्रामों का अधिक से अधिक भ्रमण करें तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा नियमित रूप से करें। दोनों विभागों के विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी संयुक्त बैठकें लें तथा टीकाकरण, मातृ व शिशु कल्याण से संबंधित योजनाओं की संयुक्त समीक्षा करें। यह निर्देश कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त बैठक में दिए। उन्होंने बीड एवं मूंदी स्वास्थ्य विकासखण्ड क्षेत्र में संस्थागत प्रसव कम पाए जाने पर नाराजगी प्रकट की तथा दोनों बीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने जिला मलेरिया अधिकारी को निर्देश दिए कि 20 फरवरी तक मच्छरदानी वितरण का कार्य शत प्रतिशत पूर्ण कर दें। साथ ही उन्होंने जिला मलेरिया अधिकारी को क्षेत्र के ग्रामों का दौरा कर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को मलेरिया किट से रक्त परीक्षण करने की ट्रेनिंग देने के लिए भी कहा। बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने पोषण पुनर्वास केन्द्र सिंगोट व पंधाना की क्षमता अनुसार कुपोषित बच्चे भर्ती न होने पर नाराजगी प्रकट की तथा इस क्षेत्र के बीएमओ व सीडीपीओ को निर्देश दिए कि पोषण पुनर्वास केन्द्र का कोई पलंग खाली न रहे, बल्कि अधिक से अधिक कुपोषित बच्चे इन केन्द्रों में भर्ती होते रहे, ताकि उनके पोषण स्तर को सुधारा जा सके। कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के जिला अधिकारी के बैठकों से लगातार अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर श्री गढ़पाले ने उनका वेतन आहरण न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो आशा कार्यकर्ता ठीक कार्य नही कर रही है उन्हें हटाकर उनकी जगह नई आशा कार्यकर्ताएं नियुक्त की जायें। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना व मातृ वंदना में इस माह के अंत तक शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बैठक में स्वास्थ्य व महिला बाल विकास विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र के ग्रामों के भ्रमण के दौरान मीजल्स रूबेला टीकाकरण अभियान की भी प्रतिदिन समीक्षा करे तथा जो बच्चें टीकाकरण के दिन स्कूल व आंगनवाडि़यों में नही आ रहे है उन्हें टीकाकरण के दिन घर से बुलाकर टीकाकरण करा दिया जाये। मीजल्स रूबेला टीकाकरण अभियान के तहत शेष रहे सभी बच्चों का आगामी 7 दिनों में टीकाकरण सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि सभी एएनएम व स्वास्थ्य कार्यकर्ता मुख्यालय पर रहे तथा ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करायें। उन्होंने दोनो विभागों के फील्ड स्टॉफ को निर्देश दिए कि संस्थागत प्रसव शत्प्रतिशत हो यह प्रयास करें। इसके बावजूद यदि घर पर कोई डिलेवरी होती है तो उसके 24 घंटे की समय सीमा में प्रशिक्षित चिकित्सक या स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रसूता से सम्पर्क कर उसका स्वास्थ्य परीक्षण करे एवं उसे आवश्यक परामर्श दें। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रतन खण्डेलवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री संजय भारद्वाज सहित दोनों विभागों के विकासखण्ड व सेक्टर स्तरीय अधिकारी भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोषण पुनर्वास केन्द्र के सभी कुपोषित बच्चों का समय पर फॉलोअप किया जाये। उन्होंने सीडीपीओ को निर्देश दिये कि बच्चों का नियमित फॉलोअप करायें अन्यथा कार्यवाही की जावेगी। उन्होंने बैठक में मातृ-मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का समय पर पर भुगतान हो यह जवाबदारी संबंधित ब्लॉक के विकासखण्ड स्तरीय परियोजना प्रबंधक व लेखा प्रबंधक की होगी। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास के सुपरवाइजर्स व परियोजना अधिकारी अपने क्षेत्र की आंगनवाडि़यों का नियमित निरीक्षण करें तथा सुनिश्चित करें कि बच्चों एवं महिलाओं को पोषण आहार समय पर निर्धारित गुणवत्ता के साथ उपलब्ध होता रहे।
No comments:
Post a Comment