Tuesday, 12 February 2019

लोकसभा निर्वाचन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां अभी से शुरू करें - कलेक्टर श्री गढ़पाले

लोकसभा निर्वाचन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां अभी से शुरू करें - कलेक्टर श्री गढ़पाले

खण्डवा 12 फरवरी, 2019 - आगामी दिनों में आयोजित होने वाले लोेकसभा निर्वाचन के लिए नियुक्त अधिकारियों व कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण दिया जाये, ताकि वे निर्वाचन के दौरान गलतियां न करें। विधानसभा निर्वाचन के बाद जो अधिकारी कर्मचारी स्थानांतरित हो गए है, उनके स्थान पर नए अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जायें तथा उनसे संबंधित बैंक खाते व मोबाइल नम्बर का रिकार्ड अपडेट किया जाये। यह निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशेष गढ़पाले ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोकसभा निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक में उपस्थित नोडल अधिकारियों को दिए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र  भी मौजूद थे। 
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि लोकसभा निर्वाचन के लिए कन्ट्रोल रूम एसडीएम स्तर पर ही बनाए जाये। उन्होंने मतदाता सूची की चिन्हित प्रति त्रुटि रहित बनाने के लिए भी कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षा विभाग के व्याख्याताओं की ड्यूटी निर्वाचन कार्य में कम से कम लगाई जाये ताकि स्कूलों में अध्यापन प्रभावित न हो। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने आदर्श आचरण संहिता शाखा के जिला स्तरीय नोडल अधिकारी का दायित्व जिला श्रम पदाधिकारी श्री अनिल भोर को देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण गंभीरता से लें ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सके। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी कर्मचारियों को ईव्हीएम संचालन का प्रशिक्षण आवश्यक रूप से दिया जाये ताकि मतदान के दौरान मशीन में खराबी आने पर उसे आसानी से चालू किया जा सके। 
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बैठक में कहा कि निर्वाचन ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी कर्मचारी मतदान कर सके इसके लिए डाक मतपत्र व निर्वाचन कर्त्तव्य प्रमाण पत्र जारी किए जाये, ताकि वे मतदान कर सके। उन्होंने लोकसभा निर्वाचन के लिए वीडियोग्राफर्स को निर्वाचन की वीडियोग्राफी संबंधी प्रशिक्षण अलग से दिया जाये। सेक्टर अधिकारियों को भी आवश्यक प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जाये ताकि लोकसभा निर्वाचन के दौरान वे अपनी ड्यूटी सही ढंग से कर सके। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने अपने स्तर से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम अभी से प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि शासकीय पत्र व्यवहार में मतदाता जागरूकता संबंधी नारे अंकित किए जाये। 

No comments:

Post a Comment