Monday, 11 February 2019

ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिले के 18 ग्रामों में कड़कनाथ पालन का कार्य प्रारंभ

ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत
जिले के 18 ग्रामों में कड़कनाथ पालन का कार्य प्रारंभ

खण्डवा 11 फरवरी, 2019 - मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ग्रामीणों को स्वसहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए मदद व आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाता है। कड़कनाथ उत्पादन के लिए हैचरी कृषि विज्ञान केन्द्र खण्डवा में स्थापित की गई है। कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले ने बताया कि खण्डवा शहर में दूध तलाई स्थित नगर निगम की दुकानों में से एक दुकान कड़कनाथ विक्रय के लिए हितग्राही दिनेश धुर्वे को दी गई है, ताकि वह वहां कड़कनाथ विक्रय कर आय अर्जित कर सके। उन्होंने बताया कि कड़कनाथ मुर्गा देशी मुर्गे की अपेक्षा अधिक पोष्टिक व स्वास्थ्यवर्धक होता है। इसके सेवन से मनुष्यों में रक्तचाप, दमा अस्थमा जैसी बीमारियां कम होती है तथा यह मनुष्य के शरीर में कोलिस्ट्राल को कम करता है एवं हड्डियों को मजबूत करता है।  
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र ने बताया कि जिले के कुल 18 ग्रामों में ग्रामीण स्वसहायता समूहों द्वारा कड़कनाथ मुर्गा पालन का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिनमें पंधाना विकासखण्ड के ग्राम घाटीखास, भगवानपुरा व आरूद, हरसूद विकासखण्ड के ग्राम पिपलानी, रामपुरी रैयत, काशीपुरा, छैगांवमाखन विकासखण्ड के सुलियाखेड़ी व छैगांवमाखन, बलड़ी विकासखण्ड के गुडावा, खालवा विकासखण्ड में लखोरा व मोहना खेड़ा, आशापुर व संदलपुर, पुनासा विकासखण्ड में नर्मदानगर व दोहद खण्डवा विकासखण्ड का ग्राम सोहनपुरा शामिल है। 
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नागेन्द्र ने बताया कि इन 18 ग्रामों के ग्रामीण हितग्राहियों द्वारा कुल 31 यूनिटों में कुल 715 कड़कनाथ चूजों का पालन किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पंधाना विकासखण्ड में 5 यूनिटों में कुल 170 चूजों का पालन इन दिनों किया जा रहा है। इसी तरह हरसूद विकासखण्ड में 8 यूनिटों में कुल 180 चूजों का पालन इन दिनों किया जा रहा है। छैगांवमाखन विकासखण्ड में 2 यूनिटों में कुल 45 चूजों का पालन इन दिनों किया जा रहा है। खालवा विकासखण्ड में 11 यूनिटों में कुल 200 चूजों का पालन इन दिनों किया जा रहा है। खण्डवा विकासखण्ड में 1 यूनिटों में कुल 40 चूजों का पालन इन दिनों किया जा रहा है। पुनासा विकासखण्ड में 2 यूनिटों में कुल 40 चूजों का पालन इन दिनों किया जा रहा है। बलड़ी विकासखण्ड में 2 यूनिटों में कुल 40 चूजों का पालन इन दिनों किया जा रहा है। 

No comments:

Post a Comment