AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Saturday, 5 January 2019

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए मतदाताओं को किया जायेगा जागरूक

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए मतदाताओं को किया जायेगा जागरूक
‘वीवीआईपी‘ कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रचार माध्यमों से नागरिकों को देंगे जानकारी

खण्डवा 05 जनवरी, 2019 - भारत निर्वाचन आयोग ने आगामी वर्ष में सम्पन्न होने वाले लोकसभा चुनाव के लिये फोटो निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का कार्य प्रारम्भ कर दिया है। लोकसभा निर्वाचन के लिये 1 जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र नागरिकों का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल किया जायेगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशेष गढ़पाले ने बताया कि जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर 25 जनवरी तक बीएलओ उपस्थित रहकर मतदाता सूची के संबंध में दावे आपत्ति प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रारंभ वोटर वेरिफिकेशन एंड इन्फोमेशन प्रोग्राम ‘‘वीवीआईपी‘‘ के तहत नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने तथा पूर्व से मतदाता सूची में शामिल नागरिकों के नाम व पतों में संशोधन के लिए प्रचार के सभी माध्यम जैसे कि टोल फ्री नम्बर 1950, नेशनल वोटर सर्विस पोर्टल, नेशनल वोटर सर्विस मोबाइल एप तथा एसएमएस व एनजीएस पोर्टल के साथ साथ जिला व अनुविभाग स्तर पर मतदाता सुविधा केन्द्र व विशेष शिविर लगाकर नागरिकों को इस अभियान की जानकारी दी जायेगी। मतदाताओं को उनके विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र, बीएलओ तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के बारे में भी इस वीवीआईपी कार्यक्रम के तहत जागरूक किया जायेगा। 
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशेष गढ़पाले ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची के संबंध में 25 जनवरी तक दावे आपत्ति प्राप्त किये जायेंगे। उन्होंने 1 जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवाओं से अपील की है कि वे अपने नाम मतदाता सूची में जुड़वा लें। इसके लिए युवाओं को जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट आकार के फोटो सहित अपने निकटतम मतदान केन्द्र जाकर बीएलओ से सम्पर्क करना होगा, ताकि उनके नाम मतदाता सूची में जोड़े जा सके और वे लोकसभा निर्वाचन के लिए अपने मताधिकार का उपयोग कर सके। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधारने अथवा हटाने के लिए नेशनल वोटर सर्विस पोर्टल पर भी आवेदन किया जा सकता है। दावे और आपत्तियों के निराकरण की अंतिम तिथि 11 फरवरी 2019 निर्धारित है। डाटाबेस अपडेशन, फोटोग्राफ, कंट्रोल टेबल अपडेशन एवं पूरक सूची की तैयारी एवं मुद्रण 18 फरवरी 2019 तक किया जायेगा। मतदाता सूची का अन्तिम प्रकाशन 22 फरवरी, 2019 को होगा।

No comments:

Post a Comment