Friday, 18 January 2019

ऋण माफी योजना में लापरवाही पर 1 सचिव निलंबित, 2 को कारण बताओ नोटिस

ऋण माफी योजना में लापरवाही पर 1 सचिव निलंबित, 2 को कारण बताओ नोटिस 

खण्डवा 18 जनवरी, 2019 - जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र ने ‘‘जय किसान फसल ऋण माफी योजना‘‘ के क्रियान्वयन की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान फसल ऋण माफी योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर ग्राम पंचायत सुल्तानपुर के पंचायत सचिव श्री रूपेश पटेल को निलंबित करने के निर्देश दिए गए है। साथ ही दो अन्य ग्राम पंचायतों के सचिव श्री रंजीत राठौर ग्राम खिराला एवं श्री सुनील सोनरी ग्राम बलरामपुर को कारण बताओ नोटिस जारी किये जा रहे है। 
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नागेन्द्र ने शुक्रवार को हरसूद एवं खालवा विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों का दौरा किया। उन्होंने इस दौरान ग्राम सड़िया पानी सरकार, प्रतापपुरा व कसरावद पंचायतों का दौरा कर वहां फसल ऋण माफी योजना के तहत आवेदन जमा करने के कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान रोजगार गारंटी योजना के तहत संचालित कार्यो का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री नागेन्द्र ने पंचायत सचिवों को सरकार के इस सर्वोच्च प्राथमिकता वाली फसल ऋण माफी योजना के सभी कार्य समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

No comments:

Post a Comment