AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Monday, 31 August 2020

सहयोग से सुरक्षा अभियान के तहत ग्रामीणों को दिलाई शपथ

 सहयोग से सुरक्षा अभियान के तहत ग्रामीणों को दिलाई शपथ

खण्डवा 31 अगस्त, 2020 - पंधाना विकासखण्ड के ग्राम टेमी कला व ग्राम सांवखेड़ा जावर में ग्रामीणजनों को सहयोग से सुरक्षा अभियान की शपथ दिलाई एवं शपथ पत्र भरवाए। इस दौरान ‘‘एक मास्क अनेक जिंदगी‘‘ अभियान संबंधी संदेष दिया। मैदानी कार्यकर्ताओं ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए आम नागरिकों को मुॅंह पर मास्क लगाने, बार-बार साबुन से हाथ धोने और दो गज की दूरी रखकर कोरोना से बचाव करने के लिए जागरूक किया जाए और आम नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में उपयोग करने के लिए प्रेरित करने को कहा।

2 को जिला बदर किया गया

 2 को जिला बदर किया गया

खण्डवा 31 अगस्त, 2020 - कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अनय द्विवेदी ने पुलिस अधीक्षक से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर 2 अपराधियों को जिला बदर करने के आदेष जारी किए है। जारी आदेष के अनुसार अपराधी शेख अब्दुला पिता शेख टंटू निवासी घासपुरा खण्डवा तथा नवीन उर्फ कालू पिता राधेश्याम तिरतड़े निवासी सन्मती नगर खण्डवा को 6 माह के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए है। इस अवधि में ये जिला बदर अपराधी खण्डवा जिले के साथ साथ बुरहानपुर, खरगोन, देवास, बैतूल, हरदा, इंदौर जिले की सीमाओं में भी प्रवेश नही कर सकेंगे। 

महिलाओं के लिए हेल्पलाइन नम्बर 181 की सुविधा उपलब्ध

 महिलाओं के लिए हेल्पलाइन नम्बर 181 की सुविधा उपलब्ध

खण्डवा 31 अगस्त, 2020 - प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा सामाजिक सशक्तिकरण के लिए भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित ‘‘महिला हेल्पलाइन 181‘‘ सुविधा प्रारंभ की गई है। इसके तहत महिला हिंसा से संबंधित कॉल सुने जाते है एवं महिलाओं की समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक सहायता प्रदान की जाती है। यह टोल फ्री नम्बर 181  तथा चौबीस घंटे कार्य करता है। महिला हेल्पलाइन 181 के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को विभिन्न सेवाएं प्रदान करने का प्रावधान है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती अंशु बाला मसीह ने बताया कि विषम परिस्थितियों में महिला या बालिका किसी भी सलाह या सहायता के लिए किसी भी समय टोल फ्री नम्बर 181 से सम्पर्क कर सकती है। महिला हेल्पलाइन 181 को प्रदेश के समस्त जिलों में संचालित वन स्टॉप सेंटर से एकीकृत है।

श्रीमती मसीह ने बताया कि यदि महिला को घटना स्थल पर ही सहायता की आवश्यकता हो तो महिला हेल्पलाइन 181 द्वारा वनस्टाप सेंटर, पुलिस 100, एम्बूलेंस 108 से सम्पर्क कर सहायता की जाती है। विषम परिस्थिति से ग्रस्त महिलाओं को पुलिस सहायता, चिकित्सीय सहायता, विविध सहायता उपलब्ध करायी जाती है। महिला हेल्पलाइन 181 से महिला हित में संचालित शाासकीय योजनाओं की उपलब्ध कराई जाती है। महिला हेल्पलाइन 181 में उपलब्ध प्रशिक्षित महिला काउन्सलर्स के माध्यम से टेली कान्फ्रेंसिंग द्वारा भावनात्मक सहयोग प्रदान करते हुए परामर्श व मार्गदर्शन प्रदाय किया जाता है। उन्होंने बताया कि महिला हेल्पलाइन सुविधा के अलावा महिलाओं एवं बच्चों की मदद के लिए महिला अपराध हेल्पलाइन नम्बर 1090, चाइल्ड लाइन नम्बर 1098, महिला अपराध शाखा 0755-2443568 एवं वनस्टॉप सेंटर दूरभाष नम्बर 0733-2243116 की सुविधा भी उपलब्ध है, इन नम्बरों पर सम्पर्क कर महिलाएं जरूरी सहायता प्राप्त कर सकती है।  

सोमवार को कोरोना जांच के कुल 63 लोगों के सेम्पल लिए गए

 सोमवार को कोरोना जांच के कुल 63 लोगों के सेम्पल लिए गए

खण्डवा 31 अगस्त, 2020 - एपिडिमियोलॉजिस्ट डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि सोमवार को कोरोना संक्रमण की जांच के लिए कुल 63 लोगों के सेम्पल्स लिए गए। गत चौबीस घंटे में 8 कोरोना विजेता संक्रमण मुक्त होकर कोविड केयर सेंटर से डिस्चार्ज किए गए है। इस तरह अब तक कोरोना के कुल 818 मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज किए जा चुके है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 18793 लोगों के सेम्पल लिए जा चुके है, जिसमें से 935 की पॉजिटिव तथा 17411 की निगेटिव रिपोर्ट आ चुकी है। गत चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमण से जिले के 1 व्यक्ति की मृत्यु होने की भी खबर है। इस तरह अब तक जिले में कुल 22 लोगों की मृत्यु कोरोना संक्रमण के कारण हो चुकी है।

सितंबर माह को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जाएगा

 सितंबर माह को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जाएगा 

खण्डवा 31 अगस्त, 2020 - पोषण अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बच्चों के पोषण स्तर की बेहतरी के उद्देश्य से इस वर्ष भी सितंबर माह को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जायेगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पोषण अभियान प्रारंभ किया था। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ‘‘जन आंदोलन और जनभागीदारी से कुपोषण को मिटाना‘‘ है। इस वर्ष पोषण माह 2020 दो मुख्य उद्देश्य पर आधारित है, इनमें पहला उद्देश्य अति कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उनकी मॉनिटरिंग करना तथा दूसरा उद्देश्य किचन गार्डन को बढ़ावा देने के लिए पौधारोपण अभियान है। प्रदेश स्तर पर इस वर्ष पोषण माह के दौरान में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। पोषण माह के दौरान आयोजित की गई गतिविधियों की दैनिक प्रविष्टि भारत सरकार के जन आंदोलन पोर्टल http://poshanabhiyan.gov.in पर किया जाएगा।

संचालक महिला बाल विकास श्रीमती स्वाति मीणा नायक ने सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पोषण माह के दौरान सघन अभियान संचालित कर बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। कोरोना संक्रमण काल में बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग प्रभावित हुई है। उन्होंने बच्चों को सूचीबद्ध करने, शारीरिक माप का रिकॉर्ड संधारण करने गंभीर कुपोषित बच्चों का पोषण प्रबंधन तथा निगरानी एवं मूल्यांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार पोषण माह के दौरान सभी कार्यक्रम जिले में भी आयोजित करें तथा स्थानीय नागरिकों को भोजन में पोष्टिक तत्व शामिल करने के लिए प्रेरित करें।

मुख्यमंत्री श्री चौहान वीडियो कान्फ्रेंस में 1 सितम्बर को करेंगे समीक्षा

 मुख्यमंत्री श्री चौहान वीडियो कान्फ्रेंस में 1 सितम्बर को करेंगे समीक्षा

खण्डवा 31 अगस्त, 2020 - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में 1 सितम्बर को वीडियो कान्फ्रेंस आयोजित होगी। यह वीडियो कान्फ्रेंस सायं 6 बजे से आयोजित की गई है। इस दौरान सभी संभागायुक्तों , कलेक्टर्स व पुलिस अधीक्षकों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए है। वीडियो कान्फ्रेंस में बाढ़ एवं आपदा राहत, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी , कानून व्यवस्था, मिलावट के विरूद्ध अभियान, बिजली संबंधी शिकायतों के निराकरण, पात्रता पर्ची, पथ विक्रेता योजना, वनाधिकार पट्टे, किसानों व दुग्ध उत्पादकों को क्रेडिट कार्ड वितरण, अविवादित व नामांतरण बटवारे तथा जेईई/नीट के परीक्षार्थियों के लिए की गई परिवहन व्यवस्था की समीक्षा मुख्यमंत्री श्री चौहान करेंगे।  

पीडि़त प्रतिकर योजना अंतर्गत 2 मामलों में डेढ़ लाख रूपये स्वीकृत

 पीडि़त प्रतिकर योजना अंतर्गत 2 मामलों में डेढ़ लाख रूपये स्वीकृत

खण्डवा 31 अगस्त, 2020 - ’’जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री एल.डी. बौरासी की अध्यक्षता में मध्यप्रदेश अपराध पीडि़त प्रतिकर योजना, 2015 अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक सोमवार को जिला न्यायालय में आयोजित हुई है। इस बैठक में कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सिंह , जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री बी.एल.प्रजापति , मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री लक्ष्मण वर्मा, सहित समिति के विभिन्न सदस्य उपस्थित रहे।

जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री चन्द्रेश मण्डलोई ने बताया कि अपराध से पीडि़तों को पुनर्वास एवं प्रतिकर दिलाये जाने के लिए न्यायालय श्रीमती किरण सिंह, चतुर्थ अपर जिला न्यायाधीश खंडवा न्यायालय से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा को सिफारिश प्राप्त हुई थी। न्यायालय से प्राप्त 2 मामलें जॉच उपरांत जिला स्तरीय समिति के समक्ष रखे गये थे। इन दोनों मामलों में पॉक्सों एक्ट अपराध से संबंधित थे। इन दोनों मामलों में कुल 1,50,000/- की क्षतिपूर्ति राशि म.प्र. अपराध पीडि़त प्रतिकर योजना अंतर्गत जिला स्तरीय समिति द्वारा स्वीकृत की गयी है। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश अपराध पीडि़त प्रतिकर योजना-2015 के प्रावधान्तर्गत अपराध से पीडि़त व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खंडवा द्वारा पुनर्वास एवं प्रतिकर की सहायता दिलायी जाती है।

जेईई मेन और नीट के परीक्षा केंद्र तक जाने हेतु मिलेगी निःशुल्क वाहन सुविधा

 जेईई मेन और नीट के परीक्षा केंद्र तक जाने हेतु मिलेगी निःशुल्क वाहन सुविधा
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विद्यार्थियों के हित में लिया महत्वपूर्ण निर्णय

खण्डवा 31 अगस्त, 2020 - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण कल्याणकारी निर्णय लिया है जो इस साल जेईई मेन और नीट 2020 में सम्मिलित हो रहे हैं। इन परीक्षाओं में शामिल विद्यार्थियों को कोविड-19 की रोकथाम के लिए लगाए गए प्रतिबंधों के कारण समस्या न हो, इस उद्देश्य से उनके आने-जाने का निःशुल्क परिवहन साधन उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए परीक्षार्थी को 181 या मध्यप्रदेश ई पास पोर्टल https/mapit.gov.in/covid-19 पर संपर्क कर रजिस्टर करना होगा। इस प्रक्रिया में विद्यार्थियों को नाम, पता, मोबाइल नंबर, परीक्षा की दिनांक और कहां से कहां तक जाना है उसके स्थान का उल्लेख करना होगा। जिला प्रशासन संबंधित परीक्षार्थी को यह सुविधा उपलब्ध करवाएगा। परीक्षार्थी यदि चाहे तो उसके एक सहयोगी को भी परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए दोनों तरफ की निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। विद्यार्थियों को यह सुविधा प्राप्त करने के लिए विकासखंड और जिला मुख्यालय पर उपस्थित होना होगा। यहां से परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

8 मरीजों को कोरोना संक्रमण मुक्त होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज किया

 8 मरीजों को कोरोना संक्रमण मुक्त होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज किया 

खण्डवा 31 अगस्त, 2020 - जिला अस्पताल खंडवा के कोविड केयर सेंटर से सोमवार को 4 मरीजों को कोरोना संक्रमण से मुक्त होने पर डिस्चार्ज किया गया। इसके अलावा रविवार रात को 4 अन्य मरीजों को भी डिस्चार्ज किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान ने बताया कि जिन मरीजों को संक्रमण मुक्त होने के बाद जिला अस्पताल के कोविड वार्ड से डिस्चार्ज किया गया है, उनमें विनायक कोचले, रेखा कोचले निवासी जय नगर, आषा पांचाल निवासी बड़ाबम, प्रिया निवासी सर्वोदय कॉलोनी, जगदीष निवासी रूस्तमपुर, धर्मेन्द्र निवासी हेमराज नगर, धर्मेन्द्र तिरोले निवासी सारोला, लतीफ बी निवासी झिरन्या शामिल है। संक्रमण से मुक्त हुए व्यक्तियों द्वारा चिकित्सक, स्टॉफ नर्स और सफाई कर्मी और व्यवस्था की प्रशंसा की गई। अस्पताल के डॉक्टर्स ने संक्रमण से मुक्त हुए व्यक्तियों को होम क्वारंटाईन रहने की समझाईश दी।

न्यायालयों में 5 सितम्बर तक सीमित कार्य व्यवस्था ही लागू रहेगी

 न्यायालयों में 5 सितम्बर तक सीमित कार्य व्यवस्था ही लागू रहेगी

खण्डवा 31 अगस्त, 2020 - कोरोना संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य से उच्च न्यायालय के दिशा निर्देशों के तहत सभी न्यायालयों में सीमित कार्य व्यवस्था संचालित हो रही है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री एल.डी. बौरासी ने बताया कि यही व्यवस्था 31 अगस्त से 5 सितम्बर तक यथावत लागू रहेगी। इस व्यवस्था के तहत न्यायालयीन कार्य के सुचारू ढंग से संचालन हेतु आवश्यकता अनुसार दिन प्रतिदिन सुनवाई योग्य सिविल व दाण्डिक मामलों की ही सुनवाई संबंधित न्यायालय के पीठासीन न्यायाधीश द्वारा भी निर्धारित किया जा सकता है। 

7 नये कन्टेन्मेंट क्षेत्र घोषित किये गये

 7 नये कन्टेन्मेंट क्षेत्र घोषित किये गये

खण्डवा 31 अगस्त, 2020 - कोरोना पॉजिटिव मरीजों के घर के आसपास के क्षेत्र को कन्टेन्मेंट क्षेत्र घोषित करते हुए वहां प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किये जाते है। इसी क्रम में अपर जिला दण्डाधिकारी श्रीमती नंदा भलावे कुशरे ने कोरोना संक्रमित मरीज के घर के आसपास के 7 क्षेत्रों को कन्टेन्मेंट क्षेत्र घोषित करने संबंधी आदेश जारी किए है। जारी आदेश अनुसार जो 7 नए कन्टेन्मेंट क्षेत्र बनाए गए है, उनमें वार्ड नम्बर 50 प्रणाम सिटी में 2 कन्टन्मेंट, वार्ड नम्बर 9 माता चौक, वार्ड नम्बर 30 पदम नगर, वार्ड नम्बर 35 विद्यानगर, श्रद्धा मेडिकल के सामने किशोर नगर एवं ग्राम सुल्याखेड़ी का कन्टेन्मेंट क्षेत्र शामिल है। इन कन्टेन्मेंट क्षेत्रों में इन्सीडेंट कमाण्डर के रूप में संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को दायित्व सौंपा गया है। इनके सहयोग के लिए संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस तथा नगरीय निकाय के अधिकारी की भी ड्यूटी लगाई गई है।

अतिवर्षा से क्षति होने पर तत्काल प्रकरण तैयार कर संबंधित को राहत दिलायें

 अतिवर्षा से क्षति होने पर तत्काल प्रकरण तैयार कर संबंधित को राहत दिलायें
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने राजस्व अधिकारियों को दिए निर्देश


खण्डवा 31 अगस्त, 2020 - कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने लगातार हो रही वर्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए है कि अति वर्षा के कारण यदि कहीं मकान गिरने या अन्य तरह के नुकसान की खबर मिले तो पटवारियों को भी इस पर क्षति का आकलन करायें तथा पीडि़त परिवार को राहत दिलाने के उद्देश्य से प्रकरण तैयार करायें, ताकि राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के तहत संबंधित परिवार को राहत दिलाई जा सके। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सभी एसडीएम व तहसीलदारों को निर्देश दिए कि अतिवृष्टि व बाढ़ के कारण जहां जरूरत हो वहां से परिवारों को हटाकर गांव के किसी अन्य सरकारी भवन में शिफ्ट करें तथा प्रभावित परिवारों के रहने खाने की आवश्यक व्यवस्था करायें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में कलेक्टर श्री द्विवेदी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित करें कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए नागरिकगण सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें तथा घर से बाहर निकलते समय मास्क जरूर लगायें। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों भ्रमण के दौरान यह देखने में आया है कि लोग सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क लगाने जैसे सुरक्षात्मक उपायों के प्रति लापरवाही बरत रहे है, जिसके कारण कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क लगाने के प्रति नागरिकों को जागरूक करें ही साथ ही जरूरत हो तो सख्ती भी बरतें, ताकि लोगों को संक्रमण से बचाया जा सके। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने कृषि व सहकारिता विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे प्रयास करें कि फसल बीमा योजना का लाभ जिले का हर किसान लें, ताकि प्राकृतिक आपदा से फसल क्षति होने पर क्षति पूर्ति के रूप में किसान को बीमा राशि मिल सके। उन्होंने सहकारिता विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र के सभी किसान फसल बीमा योजना का लाभ लें और इस आशय का प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराये। 

दिनांक 31 अगस्त, 2020 को समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार पत्र कतरनें.........

 










































दिनांक 30 अगस्त, 2020 को समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार पत्र कतरनें.........