AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Sunday, 31 May 2020

स्वास्थ्य विभाग के दल कन्टेन्मेंट क्षेत्र में घर घर जाकर कर रहे हैं सर्वे

स्वास्थ्य विभाग के दल कन्टेन्मेंट क्षेत्र में घर घर जाकर कर रहे हैं सर्वे

खण्डवा 31 मई, 2020 - खण्डवा जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए जाने के बाद से स्वास्थ्य विभाग के दलों द्वारा कन्टेन्मेंट क्षेत्रों के घर घर में जाकर आवश्यक सर्वे किया जा रहा है तथा वहां रहने वाले नागरिकों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान ने बताया कि रविवार को गंज बाजार के कंजर मोहल्ले में सर्वे दल द्वारा 323 घरों का सर्वे किया गया है।

खण्डवा रेल्वे स्टेशन पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था करें

खण्डवा रेल्वे स्टेशन पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था करें 

खण्डवा 31 मई, 2020 - रेल मंत्रालय ने 1 जून से देश के प्रमुख मार्गो पर रेल यातायात सुविधा प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। इसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने मध्य रेल्वे मण्डल खण्डवा के असिटेंट डिवीजनल मेडिकल ऑफिसर को निर्देश दिए है कि रेलों से आने जाने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था खण्डवा रेल्वे स्टेशन पर प्रारंभ कराई जाये। उन्होंने बताया कि रेल्वे के डॉक्टर्स के सहयोग के लिए जिला अस्पताल की टीम भी रेल्वे स्टेशन पर उपस्थित रहेगी।  

राष्ट्रीय तंबाकू निषेध दिवस पर शपथ दिलाई गई

राष्ट्रीय तंबाकू निषेध दिवस पर शपथ दिलाई गई  

खण्डवा 31 मई, 2020 - मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय ख्ंाडवा में रविवार को प्रातः 8 बजे राष्ट्रीय तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य मंे आषा कार्यकर्ता, सुपरवाईजर, सी.एच.ओ. एवं पुलिस कर्मचारियो को तंबाकू सेवन से बचने एवं अपने आस-पास तंबाकू के उत्पादों का उपयोग करने वालो को रोकने हेतू शपथ दिलाई गई शपथ ग्रहण मे कोरोना वायरस से बचाव के लिए शोसल डिस्टेन्सींग का पालन करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.एस.चौहान व्दारा बताया गया कि यह एक अभिशाप है तंबाकू का उपयोग करने से परिवार नष्ट हो जाता है। उन्होंने कहा कि तम्बाकू एक धीमा जहर है, तम्बाकू के खाने या धूम्रपान करने से होने वाले नुकसान बहुत है फायदा कुछ भी नहीं । इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी,तंबाकू डॉ. जी.एस.छाबडा, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. मनीषा जुनेजा उपस्थित थी।

सरसों का उपार्जन 10 जून तक होगा

सरसों का उपार्जन 10 जून तक होगा 

खण्डवा 31 मई, 2020 - न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरसों का उपार्जन विलंब से शुरू होने और किसानों की माँग पर सरकार ने उपार्जन की तिथि को बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरसों का उपार्जन 10 जून तक होगा। प्रमुख सचिव, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग श्री अजीत केसरी ने उपार्जन की अंतिम तिथि में वृद्धि किये जाने संबंधी आदेश जारी करते हुए कहा है कि रबी विपणन वर्ष 2020-21 में सरसों के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन के लिये अंतिम तिथि में वृद्धि की गई है। उपार्जन की शेष शर्तें यथावत रहेंगी।

रविवार को कुल 48 रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 40 निगेटिव व 8 पॉजिटिव आईं

रविवार को कुल 48 रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 40 निगेटिव व 8 पॉजिटिव आईं
कोरोना संक्रमण की जांच के लिए आज कुल 39 मरीजों के सेम्पल्स लिए गए

खण्डवा 31 मई, 2020 - एपिडिमियोलॉजिस्ट डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि रविवार को कोरोना संक्रमण संबंधी कुल 48 सेम्पल की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिसमें से 40 रिपोर्ट निगेटिव व 8 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं है। ये सभी 8 संक्रमित व्यक्ति कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग के बाद ही चिन्हित किये गए थे तथा सभी 8 लोग पूर्व से ही बनाये गए कन्टेनमेंट क्षेत्रों के ही हैं, इनके लिए कोई नया कन्टेनमेंट क्षेत्र नही बनाना पड़ेगा। आज सामने आए कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से 2 सन्मती नगर के, 3 महात्मा गांधी नगर, 1 सिंधी कॉलोनी गली नं. दो ,  2 मरीज संत रैदास वार्ड के हैं। डॉ योगेश शर्मा ने बताया कि कोरोना के संदिग्ध 39 मरीजों के सेम्पल्स रविवार को लिए गए है। इस तरह जिले में अब तक कुल 3014 सेम्पल्स लिए जा चुके है, जिसमें से 2570 निगेटिव व 242 सेम्पल पॉजिटिव प्राप्त हो चुके है। इसके अलावा 6 व्यक्तियों के सेम्पल इंदौर व भोपाल के मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान वहां लिए गए थे। जिले में 206 मरीजों के संक्रमण मुक्त होने पर उन्हें जिला अस्पताल के कोविड वार्ड से डिस्चार्ज किए जा चुके है।  

मध्यप्रदेश के अन्य जिलों की यात्रा के लिए ई-पास अब आवश्यक नहीं

मध्यप्रदेश के अन्य जिलों की यात्रा के लिए ई-पास अब आवश्यक नहीं
ई-पास सिर्फ प्रदेश के बाहर जाने या अन्य राज्य से मध्यप्रदेश आने के लिए जरूरी होगा

खण्डवा 31 मई, 2020 - राज्य शासन के नवीनतम निर्देशानुसार प्रदेश में  ’एक जिले से अन्य  जिले में यात्रा करने  हेतु अब ई-पास की आवश्यकता नहीं’ होगी। बल्कि प्रदेश से किसी जिले से अन्य राज्य में अथवा अन्य राज्य से प्रदेश के किसी जिले में यात्रा हेतु पूर्व व्यवस्था अनुसार ई-पास प्राप्त करना अनिवार्य होगा। ऐसी परिस्थिति में व्यक्ति को पूर्व की भांति ही https://mapit.gov.in/covid-19/ पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऐसी परिस्थिति में ई-पास ऑटो जनरेटेड होंगे एवं आवेदन करते ही संबंधित को एसएमएस के माध्यम से स्वतः प्राप्त हो जाएंगे। ई पास पोर्टल पर यह व्यवस्था आज प्रातः से लागू कर दी गई है। 

जिला अस्पताल के नए भवन के ‘बी‘ ब्लॉक को एक सप्ताह में शुरू करें

जिला अस्पताल के नए भवन के ‘बी‘ ब्लॉक को एक सप्ताह में शुरू करें
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने मेडिकल कॉलेज की बैठक में दिए निर्देश



खण्डवा 31 मई, 2020 - जिला अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नए भवन के बी ब्लॉक का शेष कार्य आगामी 1-2 दिन में पूर्ण कराकर अगले एक सप्ताह में इस भवन का उपयोग प्रारंभ करें। मेडिकल कॉलेज की वॉयरोलॉजी लेब तथा मेडिकल कॉलेज में रिक्त अन्य पदों की भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः रिक्त पदों को भरें। यह निर्देश कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने रविवार को मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित बैठक में उपस्थित मेडिकल कॉलेज व स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर्स को दिए। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में आईसीयू सुविधा का विस्तार किया जाये, इसके लिए जो भी सामग्री क्रय की जाना हो उसे अगले 15 दिन में क्रय किया जाये। बैठक में एसडीएम हरसूद डॉ. परीक्षित झाडे, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अनंत पंवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान, सिविल सर्जन डॉ. ओ.पी. जुगतावत सहित विभिन्न डॉक्टर्स मौजूद थे। 
डॉक्टर्स कोविड वार्ड में नियमित रूप से जायें
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में कहा कि कोविड वार्ड में जिन डॉक्टर्स की ड्यूटी लगी है वे पूरी सुरक्षात्मक उपायों के साथ वार्ड में नियमित रूप से जाये। उन्होंने कहा कि सारी वार्ड व कोविड वार्ड में तैनात डॉक्टर्स की नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स अन्य ड्यूटी की अपेक्षा कोविड वार्ड की ड्यूटी सर्वोच्च प्राथमिकता से करें। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने कोविड वार्ड प्रभारी डॉ. प्रमिला वर्मा से कहा कि वे कम से कम 1 घण्टे प्रतिदिन सुबह शाम कोविड वार्ड में जाकर वहां की व्यवस्थाएं देखें तथा वार्ड में ड्यूटीरत स्टॉफ की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा अनुपस्थित कर्मचारियों के विरूद्ध कार्यवाही करें। मेडिकल कॉलेज की वॉयरोलॉजी लेब प्रभारी डॉ. अमित रंगारी ने बताया कि 1 जून से यह प्रयोगशाला चौबीसों घण्टे कार्य करने लगेगी तथा एक दिन में 150-200 तक सेम्पल्स की जांच की जा सकेगी।  
फीवर क्लीनिक्स में सोशल डिस्टेंसिंग व सेनिटाइजेशन के प्रावधानों का पालन करायें
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में कहा कि शहर में 10 सरकारी फीवर क्लीनिक तथा 24 प्रायवेट आइडेन्टिफिकेशन क्लीनिक प्रारंभ करने संबंधी आदेश जारी किए जा चुके है। उन्होंने जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनिल तंतवार को निर्देश दिए कि वे प्रायवेट क्लीनिक्स का समय समय पर निरीक्षण करें और देखें कि वहां कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए निर्धारित प्रावधानों का पालन किया जा रहा है अथवा नही। उन्होंने कहा कि कोविड उपचार के संबंध में जो भी सामग्री क्रय की जाना हो उसे भण्डार क्रय नियमों का पालन करते हुए क्रय किया जाये।
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने अस्पताल के नवनिर्मित बी ब्लॉक का निरीक्षण किया
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने रविवार को मेडिकल कॉलेज में मीटिंग लेने के बाद जिला अस्पताल परिसर में नवनिर्मित बी ब्लॉक का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी को अगले एक-दो दिन में शेष कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी एक सप्ताह में इस भवन का उपयोग प्रारंभ हो सकें। 

Saturday, 30 May 2020

नगरीय निकायों एवं पंचायतों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 अगस्त को

नगरीय निकायों एवं पंचायतों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 अगस्त को
पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी

खण्डवा 30 मई, 2020 - राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचन के लिए फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण की स्थगित प्रक्रिया को एक जून से फिर शुरू किया जा रहा है। इसके लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। मतदाता सूची 1 जनवरी 2020 की संदर्भ तारीख के आधार पर तैयार की जायेगी। फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 अगस्त 2020 को किया जायेगा।
सचिव मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग श्री दुर्ग विजय सिंह ने जानकारी दी है कि शिफ्टिंग संबंधी विवादों के निराकरण के लिए आयोजित बैठक में लिये गये निर्णय अनुसार कार्यवाही एक जून तक करना है। फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची का नगरपालिका वार्ड, ग्राम पंचायत एवं अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन एक जुलाई 2020 को होगा। प्रारूप मतदाता सूची मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजैनतिक दलों को उपलब्ध कराना और स्टैण्डिंग कमेटी की बैठक एक और दो जुलाई को कराना है। प्रारूप मतदाता सूची पर एक से 9 जुलाई तक दावे-आपत्ति ली जाएंगी। दावे-आपत्तियों का निराकरण 15 जुलाई तक किया जायेगा। फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन नगरपालिका वार्डों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य विहित स्थानों पर 4 अगस्त 2020 को किया जायेगा।
श्री सिंह ने कहा है कि राज्य शासन द्वारा इंदौर एवं उज्जैन सम्पूर्ण जिलों को तथा भोपाल सहित कुछ नगर निगमध्नगरपालिका क्षेत्र को रेड जोन में रखा गया है। अतः इन क्षेत्रों में मतदाता सूची पुनरीक्षण की कार्यवाही स्थगित रखी जाए। साथ ही कलेक्टर द्वारा घोषित कन्टेन्मेंट क्षेत्र में भी कार्यवाही तब-तक स्थगित रखी जाये जब-तक कि सक्षम अधिकारी द्वारा उक्त क्षेत्र को कन्टेन्मेंट क्षेत्र से बाहर घोषित नहीं कर दिया जाता है। इस संबंध में बिन्दुवार जानकारी आयोग को तत्काल उपलब्ध करायी जाए। जिले से प्राप्त जानकारी के आधार पर ऐसे चिन्हित क्षेत्रों में मतदाता सूची पुनरीक्षण हेतु पृथक से कार्यक्रम जारी किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव श्री सिंह ने सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पूरी प्रक्रिया में भारत एवं राज्य सरकार द्वारा कोविड-19 के संक्रमण पर नियंत्रण के लिए जारी गाइड-लाइन का पूरा पालन किया जाय। दावा-आपत्ति केन्दों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो और मास्क का उपयोग सुनिश्चित करें। प्रत्येक केन्द्र पर सेनेटाइजर उपलब्ध करवाया जाये।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने खण्डवा की छात्रा कु. राधिका से बात कर जानकारी ली

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने खण्डवा की छात्रा कु. राधिका से बात कर जानकारी ली

खण्डवा 30 मई, 2020 - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के 10 जिलों के छात्र-छात्राओं से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने खण्डवा जिले की कक्षा 8 की छात्रा कु. राधिका से चर्चा कर लॉकडाउन के दौरान स्कूल के बंद हो जाने के दौरान घर पर ही मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। राधिका ने मुख्यमंत्री जी को बताया कि वह बड़ी होकर पुलिस अधिकारी बनना चाहती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शनिवार को प्रदेश के 10 जिलों के विद्यार्थियों से चर्चा करने के बाद मध्यान्ह भोजन योजना के तहत खाद्यान्न सुरक्षा भत्ता की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से विद्यार्थियों के खाते में जमा की। उल्लेखनीय है कि खण्डवा जिले के प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षाओं के 1.45 लाख से अधिक विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन योजना का लाभ मिलता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शनिवार को सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के  66.27 लाख विद्यार्थियों व पालकों के बैंक खातों में 146 करोड़ रूपये खाद्य सुरक्षा भत्ता ई-भुगतान के माध्यम से जमा करायें।

शनिवार को कोरोना संक्रमण की जांच के लिए कुल 76 कोरोना सेम्पल्स लिए गए

शनिवार को कोरोना संक्रमण की जांच के लिए कुल 76 कोरोना सेम्पल्स लिए गए

खण्डवा 30 मई, 2020 - कोरोना संक्रमण की जांच के लिए संदिग्ध मरीजों के सेम्पल जांच के लिए प्रयोगशालाओं को भेजे जाते है। एपिडिमियोलॉजिस्ट डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि शनिवार को कोरोना के संदिग्ध 76 मरीजों के सेम्पल्स लिए गए। जिले में अब तक कुल 2975 सेम्पल्स लिए जा चुके है। शनिवार को कुल 5 कोरोना विजेता डिस्चार्ज किया गया, इस तरह कुल 205 लोग संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घरों को जा चुके है। जिले में अब तक कुल 27 कन्टेन्मेंट एरिया चिन्हित किए जा चुके है।  

ड्यूटी से अनुपस्थित 6 कर्मचारियों के विरूद्ध कारण बताओ नोटिस जारी

ड्यूटी से अनुपस्थित 6 कर्मचारियों के विरूद्ध कारण बताओ नोटिस जारी 

खण्डवा 30 मई, 2020 - अपर जिला दण्डाधिकारी श्रीमती नंदा भलावे कुशरे ने जिले के 6 कर्मचारियों को कोविड-19 संबंधी ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए है। इन सभी कर्मचारियों केे विरूद्ध धारा 144 के उल्लंघन पर नोटिस, आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 56 के तहत परिवाद प्रस्तुत करने संबंधी कारण बताओ नोटिस तथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही किए जाने संबंधी नोटिस तथा ‘‘कार्य नही तो वेतन नहीं‘‘ के आधार पर वेतन काटने सहित कुल 4-4 कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। एडीएम श्रीमती कुशरे ने बताया कि नोटिस का जवाब समय सीमा में प्राप्त न होने तथा संतोषजनक जवाब प्राप्त न होने की दशा में संबंधित के विरूद्ध इन अधिनियमों के तहत दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी। जिन कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए है, उनमें वनरक्षक श्री चम्पालाल पटेल, माध्यमिक शाला अमलपुरा के शिक्षक श्री महेश भगोरे, माध्यमिक शाला बड़गांव गुर्जर के शिक्षक श्री दिनेश कुमार वामने, पटवारी सुश्री नाजिया परवीन, जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय के सहायक ग्रेड-3 श्री काशीराम गोयल, आई.टी.आई. कॉलेज के सहायक ग्रेड-3 श्री नितिन अवाया शामिल है।

होम क्वारेंटीन मरीज अपने घर पर ही रहें, यह सुनिश्चित किया जाये

होम क्वारेंटीन मरीज अपने घर पर ही रहें, यह सुनिश्चित किया जाये
 कलेक्टर श्री द्विवेदी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

खण्डवा 30 मई, 2020 - कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सोशल डिस्टेंसिंग अत्यावश्यक है। जिन लोगों में कोरोना संक्रमण की आशंका हो उनके सेम्पल लेकर उन्हें होम क्वारेंटीन किया जाये तथा टेस्ट रिपोर्ट आने तक उनकी नियमित मॉनिटरिंग कर सुनिश्चित किया जाये कि वे लोग अपने घरों पर ही रहे, ताकि कोरोना संक्रमण फैलने की संभावना न रहे। यह निर्देश कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशर, हरसूद एसडीएम डॉ. परीक्षित झाडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सीमा अलावा, नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे। 
बैठक में कलेक्टर श्री द्विवेदी ने कहा कि फीवर क्लीनिक नियमित रूप से खुलें यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि नागरिकों को समझाइश दी जाये कि वे जब भी घर से निकलें मास्क लगाकर ही घर से निकलेें। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान को निर्देश दिए कि सेम्पलिंग का कार्य नियमित रूप से किया जाये। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान सभी अधिकारी कर्मचारी संक्रमण से अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में निर्देश दिए कि जो भी संक्रमण की जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव मरीज सामने आता है उसकी कान्टेक्ट ट्रेसिंग तत्काल प्रारंभ की जायें, ताकि उसके सम्पर्क में आने वाले लोग चिन्हित किए जा सके और उन्हें होम क्वारेंटाइन किया जायें, ताकि संक्रमण फैलने की आशंका न रहे। 

गौ-भैंस वंशीय पशुओं का होगा टीकाकरण

गौ-भैंस वंशीय पशुओं का होगा टीकाकरण

खण्डवा 30 मई, 2020 - गौ-भैंसवंशीय पशुओं में होने वाली फुट एंड माउथ डिसीज और बू्रसेला डिसीज को कंट्रोल करने के लिए प्रदेश में गौ भैंस वंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। एक वर्षीय इस योजना के अंतर्गत 6 माह के अंतराल में दो बार पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। प्रथम चरण में मात्र गौवंश, भैंस वंशीय, बकरी भेड एवं सूकर का शत प्रतिशत टीकाकरण किया जाएगा। इस योजना में सभी पशुओं की यूआईडी टैगिंग की जा रही है। 

रेरा ने 1 प्रतिशत घटाई प्रतिकर की दर

रेरा ने 1 प्रतिशत घटाई प्रतिकर की दर

खण्डवा 30 मई, 2020 - रियल एस्टेट सेक्टर पर कोविड-19 कोरोना महामारी के दुष्प्रभावों को कम करने और उसे राहत देने के लिये प्रयास निरंतर जारी हैं। रेरा प्राधिकरण ने रियल एस्टेट सेक्टर को राहत देने के उद्देश्य से संप्रवर्तक पर नियत समय के बाद आवास अंतरण करने कि स्थिति में आरोपित किये जाने वाले प्रतिकर की दर में 1 प्रतिशत की कमी की है। पूर्व में यह दर 10 प्रतिशत थी जो अब घटाकर 9 प्रतिशत कर दी गयी है। कोरोना महामारी के कारण हुये लॉकडाउन के कारण प्रोजेक्ट्स के प्रभावित हुए कार्य की भरपाई के लिये प्रदेश में पंजीकृत सभी प्रोजेक्ट्स को रेरा प्राधिकरण द्वारा 6 माह की अवधि पहले ही प्रदान की जा चुकी है।
कोरोना की वजह से हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिये हाल ही में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया द्वारा अनेक राहतों की घोषणा की गयी है। उल्लेखनीय है कि प्राधिकरण द्वारा शिकायत और प्रोजेक्ट पंजीयन का कार्य पूर्व से ही ऑनलाईन किया जा रहा है। साथ ही प्रकरणों की सुनवाई भी आगामी 1 जून से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से प्रारंभ की जा रही है।

महिलाओं व बच्चों का नियमित रूप से हो रहा हैं टीकाकरण

महिलाओं व बच्चों का नियमित रूप से हो रहा हैं टीकाकरण

खण्डवा 30 मई, 2020 - इस महामारी के दौर में स्वास्थ्य कार्यकताओं द्वारा कोरोना वायरस के बचाव व रोकथाम की जानकारी नियमित रूप से जनसमूह को दी जा रही है। साथ ही शासन की गाईड लाईन का पालन करते हुए बच्चों व गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण भी किया जा रहा है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनिल तंतवार ने बताया कि नियमित टीकाकरण की कार्ययोजना अनुसार टीकाकरण शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में किया जा रहा है। बाहर से आये बच्चे व गर्भवती महिलाओं का भी टीकाकरण किया जा रहा है।

2 नए कन्टेनमेंट क्षेत्र बनाए गए

2 नए कन्टेनमेंट क्षेत्र बनाए गए

खण्डवा 30 मई, 2020 - कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अनय द्विवेदी ने शहर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के घर के आसपास के क्षेत्र को कन्टेन्मेंट क्षेत्र घोषित करते हुए वहां प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिए है। जारी आदेश अनुसार विठ्ठल प्रसाद मिश्रा गली एवं हनुमान मंदिर के सामने वाली गली ज्योति नगर के पास के क्षेत्र को कन्टेन्मेंट क्षेत्र घोषित किया गया है। कन्टेनमेंट क्षेत्र के सर्विलांस के लिए अधिकारियों का दल गठित किया गया है, जिसमें इन्सीडेंट कमाण्डर के रूप में एसडीएम खण्डवा श्री संजीव पाण्डेय तैनात रहेंगे। इनके साथ राजस्व अधिकारी, तहसीलदार श्री प्रताप सिंह आगास्या, पुलिस अधिकारी सीएसपी श्री ललित गठरे तथा नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह को भी तैनात किया गया है।  
      उल्लेखनीय है कि कन्टेनमेंट एरिया में पूर्ण रूप से आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस क्षेत्र के सभी निवासियों को होम क्वारेंटाइन में रहने की सलाह दी गई है। कन्टेनमेंट एरिया के अंदर भी आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। इस क्षेत्र में जिन मरीजों को बुखार, खांसी, गले में दर्द व श्वास लेने में तकलीफ के लक्षण पाए जायेगे, उसकी सूचना रेपिड रिस्पोंस टीम को देना होगी। जारी आदेश अनुसार होम क्वारेंटाइन किए गए लोगों का प्रतिदिन फोलोअप लेना होगा। नगर निगम द्वारा इस क्षेत्र में सेनेटाइजेशन नियमित रूप से किया जायेगा। संदिग्ध मामलों के मरीजों को मेडिकल टीम के द्वारा परीक्षण किए जाने तक एक निर्धारित कक्ष में आईसोलेशन में रखा जायेगा एवं परिवार के सभी सदस्यों को फेसमास्क उपलब्ध कराकर उन्हें स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए जायेंगे।

लॉकडाउन के दौरान अब तक 2313 वाहनों के चालान बनें

लॉकडाउन के दौरान अब तक 2313 वाहनों के चालान बनें

खण्डवा 30 मई, 2020 - कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए जिले में लॉकडाउन जारी है। इस दौरान पुलिस द्वारा नागरिकों से घर से बाहर न निकलने की अपील की जा रही है, इस सबके बावजूद वाहन चालकों द्वारा शासकीय निर्देशों का उल्लंघन किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गत दिनों में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 2313 वाहन चालकों के चालान बनाए गए हैैं। वाहन चालानी कार्यवाही में 6,91,750 रूपये चालकों से वसूल भी किए गए है। लॉकडाउन के उल्लंघन पर धारा 188  के तहत 331 लोगों के विरूद्ध कुल 189 आपराधिक प्रकरण बनाए गए है। उन्होंने बताया कि जिले में धारा 151 के तहत 119 लोगों को जेल भेजा गया है। शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले कुल 22 बदमाशों के विरूद्ध 8 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि किसी भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर नागरिकगण पुलिस कन्ट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 0733-2226690, 7049101036 पर सूचना दे सकते है।

शनिवार को 5 कोरोना विजेता अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर गए

शनिवार को 5 कोरोना विजेता अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर गए

खण्डवा 30 मई, 2020 - कोरोना वायरस के संक्रमण से मुक्त होने पर कुल 5 कोरोना विजेता कृष्णा पारसी, योगेश पारसी, सुजल गोस्वामी, सुदर्शन पीर एवं मोहसिन कुरैशी को जिला चिकित्सालय खण्डवा से शनिवार को डिस्चार्ज किया गया। इस दौरान उपस्थित डॉक्टर्स व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने ताली बजाकर इस कोरोना विजेता का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें अस्पताल से उनके घरों के लिए विदा किया गया।
  कोरोना विजेताओं ने इस अवसर पर बताया कि जिला प्रशासन द्वारा कोविड केयर सेंटर में मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के माध्यम से की गई नाश्ते व भोजन की व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब भोजन की गुणवत्ता पहले से बेहतर है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर्स का मरीजों के प्रति व्यवहार भी बहुत अच्छा है। कोरोना विजेताओं ने बताया कि कोविड केयर सेंटर में खाना और दंवाईयां सहित सभी जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो जाती है। कोविड केयर सेंटर से डिस्चार्ज करने से पूर्व डॉक्टर्स ने मरीजों को अगले 2 सप्ताह तक पूरी सावधानी बरतनें तथा सोशल डिस्टेंसिंग व होम क्वारेंटाइन के प्रावधानों का पालन करने की समझाइश दी।

खेल गतिविधियां प्रारंभ करने की अनुमति दी गई

 खेल गतिविधियां प्रारंभ करने की अनुमति दी गई
कुश्ती, जूडो, कबड्डी जैसे कान्टेक्ट स्पोर्ट्स की नही होगी अनुमति

खण्डवा 30 मई, 2020 - कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए खण्डवा जिले में लॉकडाउन किया गया है। अपर जिला दण्डाधिकारी श्रीमती नंदा भलावे कुशरे ने बताया कि पूर्व में जारी प्रतिबंधात्मक आदेशों में कुछ छूट देते हुए खेल गतिविधियों की अनुमति देने संबंधी आदेश जारी कर दिए गए है। उन्होंने बताया कि खेल परिसरों में कुश्ती, जूडो, कबड्डी जैसे कान्टेक्ट स्पोर्ट्स को छोड़कर अन्य खेल गतिविधियों की अनुमति दी गई है। इसके अलावा पूर्व के आदेशों में लगाए गए सभी प्रतिबंध यथावत लागू रहेंगे। 
अपर कलेक्टर श्रीमती कुशरे ने बताया कि यह अनुमति केवल कन्टेन्मेंट क्षेत्र के बाहर वाले खेल परिसरों के लिए ही दी गई है। कन्टेन्मेंट क्षेत्र में रहने वाले खिलाडि़यों पर यह अनुमति लागू नही होगी। अपर कलेक्टर श्रीमती कुशरे ने बताया कि जिम, स्वीमिंग पुल व व्यायामशाला पर लगाए गए प्रतिबंध यथावत लागू रहेंगे। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि खिलाडि़यों को खेल के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन करना होगा तथा खेल के दौरान दर्शकों के आने पर प्रतिबंध रहेगा। 

Friday, 29 May 2020

दिनांक 30 मई, 2020 को समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार पत्र कतरनें.....



































कन्टेन्मेंट क्षेत्र के निवासियों के ई-पास निरस्त माने जायेंगे

कन्टेन्मेंट क्षेत्र के निवासियों के ई-पास निरस्त माने जायेंगे

खण्डवा 29 मई, 2020 - यात्रियों के आवागमन के लिए ई-पास जारी किए जा रहे है। इस संबंध में अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे ने बताया कि यात्रा हेतु जारी किया गया ई-पास कन्टेन्मेंट क्षेत्र के बाहर के निवासियों के लिए ही मान्य होगा। उन्होंने बताया कि जिन यात्रियों के निवास का पता कन्टेन्मेंट क्षेत्र में शामिल होगा, ऐसे यात्रियों के ई-पास स्वतः निरस्त माने जायेंगे। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति कन्टेन्मेंट क्षेत्र से बाहर प्रस्थान करता है, तो संबंधित के विरूद्ध भारतीय दण्ड विधान की धारा 187, 188, 269, 270, 271 के अधीन कार्यवाही की जायेगी।

होम क्वारेंटाइन मरीज निर्देशों का उल्लंघन करेगा तो देना होगा 2000 रू. जुर्माना

होम क्वारेंटाइन मरीज निर्देशों का उल्लंघन करेगा तो देना होगा 2000 रू. जुर्माना
दूसरी बार उल्लंघन पर भेजा जायेगा संस्थागत क्वारेंटाइन सेंटर में

खण्डवा 29 मई, 2020 - कोरोना संक्रमण जांच के लिए जिन लोगों के सेम्पल भेजे गए हों तथा जांच रिपोर्ट नही आई है या रिपोर्ट निगेटिव आई हो ऐसे लोगों को 14 दिन होम क्वारेंटाइन रखा जाता है, ताकि कोरोना संक्रमण का खतरा न रहे। जिले में होम क्वारंटाइन किये गए लोगो की सतत निगरानी किये जाने हेतु होम क्वारंटाइन टीम बनाई गई है। यह टीम होम क्वारंटाइन लोगो की प्रतिदिन 3 बार उनके घर पर जाकर निरीक्षण करेगी। कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने बताया कि होम क्वारंटाइन लोगो द्वारा नियमों का उल्लंघन किये जाने पर पहली बार उन पर 2000 रुपये का अर्थदण्ड लगाया जायेगा तथा यदि वही व्यक्ति पुनः उल्लंघन करेगा तो उसे तत्काल संस्थागत क्वारेंटाइन सेंटर में भेजा जायेगा। 
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बताया कि कन्टेन्मेंट एरिया के बाहर स्थित होम क्वारेंटाइन लोगों के घरों की निगरानी रखने के लिए 5 टीम बनाई गई हैं, प्रत्येक टीम शहर के 10-10 वार्डो की निगरानी करेंगी। वार्ड क्रमांक 1 से 10 के लिए गठित टीम के दल प्रभारी श्री समीर दीक्षित व्याख्याता को बनाया गया है। इनके साथ 3 अन्य सहयोगी कर्मचारी भी तैनात किए गए है। इसी तरह वार्ड क्रमांक 11 से 20 के लिए गठित टीम के दल प्रभारी श्री संजीव श्रीवास्तव व्याख्याता को बनाया गया है। वार्ड क्रमांक 21 से 30 के लिए गठित टीम के दल प्रभारी श्री सतीश श्रीवास्तव व्याख्याता को बनाया गया है। वार्ड क्रमांक 31 से 40 के लिए गठित टीम के दल प्रभारी श्री सी.एस. मौर्य व्याख्याता को बनाया गया है। वार्ड क्रमांक 41 से 50 के लिए गठित टीम के दल प्रभारी श्री मुकेश वास्केल व्याख्याता को बनाया गया है। 

मनरेगा योजनान्तर्गत जिले में 72494 मजदूरों को मिल रहा है रोजगार

मनरेगा योजनान्तर्गत जिले में 72494 मजदूरों को मिल रहा है रोजगार 
बाहर से आए 15993 मजदूरों को भी मिला रोजगार

खण्डवा 29 मई, 2020 - महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजनान्तर्गत लॉकडाउन के दौरान जिले की 422 ग्राम पंचायतों में पर्याप्त मात्रा में रोजगार उपलब्ध कराये जाने हेतु जल संरक्षण एवं जलसंवर्धन कार्य जैसे पोखर तालाब, निस्तार तालाब, परकोलेषन टेंक, खेत तालाब, चेकडेम, स्टापडेम, कन्टूर टेªंच, लूज बोल्डर, नाला विस्तारीकरण एवं अन्य हितग्राही मूलक कार्य प्रारंभ किये गये। वर्तमान में जिले में मनरेगा योजनान्तर्गत 72494 श्रमिको को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह ने बताया कि इसमें से बलडी विकासखण्ड में 3220, छैगांवमाखन में 10149, हरसूद में 4771, खालवा में 22132, खण्डवा में 7837, पंधाना में 14705 तथा पुनासा विकासखण्ड में 9630 को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाहरी राज्य से जिले में आये 15993 मजदूरों को भी मनरेगा योजनान्तर्गत रोजगार उपलब्ध कराया गया है। 
  जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजनान्तर्गत कार्यरत श्रमिकों को 1 अप्रैल 2020 से प्रचलित मजदूरी दर 190 रूपये के मान राषि रू. 19 करोड़ 32 लाख का मजदूरी भुगतान किया गया है। जिससे कि लॉकडाउन जैसी विकट परिस्थिति में मजदूरों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। कोरोना संक्रमण के बचाव हेतु श्रमिको के बीच सामाजिक दूरी का ध्यान रखा जा रहा है तथा कार्य स्थल पर श्रमिको के हाथ धोने हेतु पानी व साबुन की व्यवस्था की गई है। साथ ही श्रमिको की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाये जाने हेतु आयुष विभाग द्वारा उपलब्ध कराये जा रहे त्रिकुट चूर्ण काढ़ा मनरेगा योजनान्तर्गत कार्यरत श्रमिको को कार्य स्थल पर ही सामाजिक दूरी का पालन करते हुये पिलाया जा रहा है। इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में आयुष विभाग द्वारा ग्रामीणों के लिये त्रिकुट चूर्ण काढ़े के लिए घर-घर जाकर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे कि निश्चित ही कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि हो सकेगी। जिले में इस समय 600 तालाब निर्माण निर्मित किये जा रहे है। 

नये जॉबकार्ड बनाने के लिये जनपद पंचायतों में कन्ट्रोल रूम स्थापित

नये जॉबकार्ड बनाने के लिये जनपद पंचायतों में कन्ट्रोल रूम स्थापित

खण्डवा 29 मई, 2020 - लॉकडाउन के दौरान बाहरी राज्य व प्रदेश के अन्य जिलो से लौटे श्रमिको को मनरेगा योजनान्तर्गत जॉबकार्ड देकर रोजगार में नियोजित किये जाने के उद्देष्य से प्रदेष में “श्रमसिद्धी अभियान“ प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत ऐसे परिवार जिन्हंे अब तक जॉबकार्ड नहीं मिले है अथवा जॉबकार्ड अकार्यषील हो गये हैं, उनके नए जॉब कार्ड तैयार किए जायेंगे। श्रमसिद्धी अभियान के माध्यम से डोर टू डोर सर्वे कर ऐसे परिवारों का चिन्हांकन करते हुये प्रवासी श्रमिकों के परिवारों के सदस्यों को प्राथमिकता से जॉबकार्ड जारी कराया जाकर रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। इसके लिए जनपद पंचायत स्तर पर कन्ट्रोल रूम स्थापित किये गये है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह ने बताया कि जनपद स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्षों के लेंड लाईन नंबर पर सम्पर्क कर नवीन जॉबकार्ड एवं जॉबकार्ड नवीनीकरण संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। जनपद पंचायत बलड़ी के कन्ट्रोल रूम का मोबाइल नम्बर 62648-48826 है। इसी तरह छेगांवमाखन  के कन्ट्रोल रूम का फोन नम्बर 07332222596, हरसूद के कन्ट्रोल रूम का मोबाइल नम्बर 99264-05244, खालवा के कन्ट्रोल रूम का मोबाइल नम्बर 96306-63330, खण्डवा के कन्ट्रोल रूम का मोबाइल नम्बर 9407467058, पंधाना के कन्ट्रोल रूम का फोन नम्बर 07320-237224, पुनासा के कन्ट्रोल रूम का मोबाइल नम्बर 92294-24846 है। इन सभी कन्ट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त होने वाली षिकायतो को पृथक से पंजी तैयार कर संधारित करने के निर्देश दिए गए है।

प्रवासी मजदूरों के आवागमन की व्यवस्था के प्रभारी अब श्री जाधव होंगे

प्रवासी मजदूरों के आवागमन की व्यवस्था के प्रभारी अब श्री जाधव होंगे

खण्डवा 29 मई, 2020 - कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने पूर्व में जारी कार्यविभाजन आदेश में संशोधन करते हुए प्रवासी मजदूरों के आवागमन की व्यवस्था का प्रभार संयुक्त कलेक्टर श्री एस.एल. सिंघाड़े के स्थान पर अब डिप्टी कलेक्टर श्री अशोक जाधव को सौंपा है। श्री जाधव कन्ट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के आधार पर मजदूरों की यात्रा की व्यवस्था, मेडिकल चेकअप तथा उनके रूकने व परिवहन की व्यवस्था करेंगे।

टेली मेडिसीन के माध्यम से डॉक्टर्स मरीजों को दे रहे हैं सलाह

टेली मेडिसीन के माध्यम से डॉक्टर्स मरीजों को दे रहे हैं सलाह

खण्डवा 29 मई, 2020 - टेली मेडिसीन के माध्यम से जिन संदिग्ध मरीजों के सैम्पल लिये उनसे और कोरोना संक्रमित मरीजों के मोबाईल पर चिकित्सकों द्वारा नियमित रूप से बात की जा रही है। टेली मेडिसीन का मोबाईल नं. 8827954755 से बात कर मरीजों का मनोबल व आत्म विष्वास बढ़ाकर उन्हें स्वस्थ्य होने के लिए प्रेरित कर रहे है। टेली मेडिसीन के तहत ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संजय इंगला, डॉ. द्वारकाप्रसाद, डॉ. निलेष राठौर मेडिकल कॉलेज के द्वारा नियमित रूप से 24 घण्टे चिकित्सक तैनात रहकर संबंधित से चर्चा करते है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज खंडवा की मनोरोग विषेषज्ञ डॉ. निषा कैथवास भी वार्ड में भर्ती मरीजों से नियमित बात कर उन्हें प्रेरित करती है।

कोविड वार्ड के चिकित्सकों व स्टॉफ नर्स को दिया गया प्रशिक्षण

कोविड वार्ड के चिकित्सकों व स्टॉफ नर्स को दिया गया प्रशिक्षण

खण्डवा 29 मई, 2020 - कोविड केयर सेंटर व डेडीकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर में कार्यरत चिकित्सक व स्टॉफ नर्स का प्रषिक्षण शुक्रवार को जिला अस्पताल के कॉफ्रेंस हाल में दिया गया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अनंत पवार, सिविल सर्जन डॉ. ओ.पी. जुगतावत मौजूद थे। डॉ. पवार ने उपस्थित चिकित्सक व स्टॉफ नर्स को सम्बोधित करते हुए कहा कि शासन की गाईड लाईन अनुसार मरीजों का उपचार करे और उनके साथ दोस्ताना व्यवहार करें तथा मरीजों का मनोबल बढ़ाए। मेडिकल कॉलेज के प्रो. डॉ. सपना महेषराम डॉ. रिना परिहार द्वारा कोविड-19 के बारे में प्रजेंटेषन के माध्यम से कोविड सेंटर के प्रोटोकॉल अनुसार मरीजों का उपचार विषय पर विस्तार से प्रषिक्षण दिया गया। इस दौरान प्रषिक्षण में डॉ. एन.क.े सेठिया भी उपस्थित थे।

लॉकडाउन का पालन कराने के लिए चलित प्रशासनिक इकाई गठित

लॉकडाउन का पालन कराने के लिए चलित प्रशासनिक इकाई गठित

खण्डवा 29 मई, 2020 - कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने कन्टेन्मेंट क्षेत्र में लॉकडाउन का पालन सख्ती से कराने के निर्देश दिए है। इसके लिए उन्होंने चलित प्रशासनिक इकाई के रूप में अधिकारियों के दल गठित किए है। जारी आदेश अनुसार 10-10 वार्डो के लिए चलित प्रशासनिक इकाई के 2-2 दल गठित किये गये हैं। पहला दल सुबह 5 से 11 बजे तक तथा दूसरा दल शाम को 5 से रात्रि 11 बजे तक ड्यूटी करेगा। एक सप्ताह बाद सुबह वाला दल शाम के समय तथा शाम के समय ड्यूटी करने वाला दल अगले सप्ताह में सुबह से ड्यूटी करेगा। इस व्यवस्था की प्रभारी अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अनुभा जैन को बनाया गया है। ये चलित प्रशासनिक इकाई के कर्मचारी उन्हें आवंटित वार्डो में मुख्य मार्ग के भीतर छोटे गली मोहल्लो में सतत भ्रमण करेंगे तथा गली मोहल्लों में फल व सब्जी के ठेलों के आसपास भीड इकट्ठी न हो , सभी क्रेता व विक्रेता मास्क लगाएं यह सुनिश्चित करेंगे। 
जारी आदेश अनुसार प्रातः 5 से 11 बजे तक के लिए वार्ड क्रमांक 1 से 10 के लिए मोहन दांगी ऑडिटर सहकारिता को दल प्रभारी बनाया गया है। इनके साथ श्री सिजर दादू एएसआई व श्री कुणाल आरक्षक को तैनात किया गया है। इसी तरह वार्ड क्रमांक 11 से 20 के लिए श्रीमती अंशुबाला मसीह जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास को दल प्रभारी बनाया गया है। इनके साथ श्री परसुराम खोडे एएसआई व श्री गजेन्द्र आरक्षक को तैनात किया गया है। वार्ड क्रमांक 21 से 30 के लिए श्री सचिन वर्मा खनिज अधिकारी को दल प्रभारी बनाया गया है। इनके साथ श्री बाघ सिंह एएसआई व श्री चंदन आरक्षक को तैनात किया गया है। वार्ड क्रमांक 31 से 40 के लिए श्री ए.के. इक्का महिला सशक्तिकरण अधिकारी को दल प्रभारी बनाया गया है। इनके साथ श्री शिवराम पाटीदार एएसआई व श्री सागा आरक्षक को तैनात किया गया है। वार्ड क्रमांक 41 से 50 के लिए श्री ए.एस. अलावा श्रमपदाधिकारी को दल प्रभारी बनाया गया है। इनके साथ श्री सूरज पाटिल एएसआई व श्री मोहित आरक्षक को तैनात किया गया है।
इसी तरह शाम 5 से रात्रि 11 बजे तक के लिए वार्ड क्रमांक 1 से 10 के लिए श्री आनंद सिंह सोलंकी परियोजना संचालक आत्मा को दल प्रभारी बनाया गया है। जबकि वार्ड क्रमांक 11 से 20 के लिए श्रीमती क्षिप्रा सेन जिला पंजीयक को दल प्रभारी बनाया गया है। वार्ड क्रमांक 21 से 30 के लिए श्री के.जी. द्विवेदी उपसंचालक पशु चिकित्सा को दल प्रभारी बनाया गया है। वार्ड क्रमांक 31 से 40 के लिए सुश्री रूचि शर्मा, खेल अधिकारी को दल प्रभारी बनाया गया है। वार्ड क्रमांक 41 से 50 के लिए श्री व्ही.एस. सोलंकी उपयंत्री जल संसाधन को दल प्रभारी बनाया गया है।

शुक्रवार को कोरोना सेम्पल्स की कुल 21 रिपोर्ट में से 4 पॉजिटिव व 17 निगेटिव

शुक्रवार को कोरोना सेम्पल्स की कुल 21 रिपोर्ट में से 4 पॉजिटिव व 17 निगेटिव

जिले में अब तक 2899 के सेम्पल लिए गए, 200 लोग संक्रमण मुक्त हुए

खण्डवा 29 मई, 2020 - कोरोना संक्रमण की जांच के लिए संदिग्ध मरीजों के सेम्पल जांच के लिए प्रयोगशालाओं को भेजे जाते है। एपिडिमियोलॉजिस्ट डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि शुक्रवार शाम तक खण्डवा मेडिकल कॉलेज की प्रयोगशाला से कोरोना संक्रमण की जांच संबंधी कुल 21 रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें से कुल 4 पॉजिटिव तथा 17 रिपोर्ट निगेटिव आईं है। उन्होंने बताया कि जो पॉजिटिव रिपोर्ट आई हैं उनमें मिश्रा कम्पाउंड निवासी कुल दो मरीज आज पॉजिटिव आए है, जिनमें एक 32 वर्षीय व दूसरा 99 वर्षीय मरीज है। इसके अलावा गांधी नगर निवासी एक 45 वर्षीय मरीज, सियाराम चौक निवासी एक 24 वर्षीय मरीज भी शुक्रवार को पॉजिटिव आए।
डॉ. शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को कोरोना के संदिग्ध 32 मरीजों के सेम्पल्स लिए गए। इस तरह जिले में अब तक कुल 2899 सेम्पल्स लिए जा चुके है, जिसमें से 232 पॉजिटिव तथा 2524 निगेटिव रिपोर्ट आईं है। इंदौर व भोपाल में उपचाररत खण्डवा जिले के मरीजों की कुल 6 पॉजिटिव रिपोर्ट भी आ चुकी है। शुक्रवार को 1 कोरोना विजेता डिस्चार्ज किया गया, इस तरह कुल 200 लोग संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घरों को जा चुके है। जिले में अब तक कुल 27 कन्टेन्मेंट एरिया चिन्हित किए जा चुके है। 

कलेक्टर श्री द्विवेदी ने कन्टेन्मेंट क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाएं देखीं

कलेक्टर श्री द्विवेदी ने कन्टेन्मेंट क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाएं देखीं

खण्डवा 29 मई, 2020 - कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न कन्टेन्मेंट क्षेत्रों का दौरा कर वहां जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं देखी तथा वहां तैनात पुलिस कर्मियों एवं अन्य अधिकारी कर्मचारियों को लोगों के आवागमन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने चिडि़या मैदान, सराफा बाजार, सिंधी कॉलोनी, गणेश तलाई, रेल्वे पुलिस कॉलोनी स्थित कन्टेन्मेंट क्षेत्र का दौरा कर वहां बनाए गए कन्टेन्मेंट क्षेत्रों में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सिंह व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने इस दौरान कन्टेन्मेंट क्षेत्र में नागरिकों से भी चर्चा की तथा उन्हें समझाइश दी कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सोशल डिस्टेसिंग ही एक मात्र कारगर उपाय है, अतः घरों से न निकले। घरों से बाहर निकले पर संक्रमण का खतरा बना रहता है। उन्होंने नागरिकों को बताया कि उनकी सुविधा के लिए अधिकारी कर्मचारियों को कन्टेन्मेंट क्षेत्र में तैनात किया गया है। कोई भी समस्या होने पर या अत्यावश्यक सामग्री की आवश्यकता होने अपने क्षेत्र में तैनात कर्मचारियों को इसके बारे में बतायें। रेल्वे पुलिस कॉलोनी में कोरोना संक्रमित परिवार की महिला ने कलेक्टर श्री द्विवेदी को बताया कि सब्जी, दूध, दवा आदि अत्यावश्यक सामग्री के लिए कन्टेन्मेंट क्षेत्र मंे तैनात कर्मचारियों के मोबाइल नम्बर की सूची मिल गई है। सब्जी, फल की आज आवश्यकता थी, जो नगर निगम के कर्मचारियों ने उपलब्ध करा दिए है। 

‘‘स्वामित्व योजना‘‘ के तहत ग्रामीणों को मिलेगा आबादी भूमि का मालिकाना हक

‘‘स्वामित्व योजना‘‘ के तहत ग्रामीणों को मिलेगा आबादी भूमि का मालिकाना हक 

खण्डवा 29 मई, 2020 - अभी तक भारत में ग्रामीण क्षेत्र में आबादी की भूमियों का सर्वेक्षण और अभिलेख का कार्य नहीं किया गया था। ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी-बड़ी आवासीय सम्पत्ति होने पर भी वे ग्रामीणों की आड़े वक्त पर काम नहीं आ पाती थी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ग्रामीण भारत की इस समस्या को समझा तथा इतिहास में पहली बार ग्रामीणों को उनकी आबादी भूमि का मालिकाना हक देने के लिये ‘‘स्वामित्व योजना‘‘ प्रारंभ की है। इस योजना के प्रथम वर्ष में प्रदेश के 10 जिलों का चयन किया गया है। शेष जिले अगले वर्ष लिये जायेंगे। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण आबादी क्षेत्र का सर्वे किया जाकर अधिकार अभिलेख तैयार किये जायेंगे। ग्रामीण जनता को उनके भूखण्ड पर मालिकाना हक प्रदान किये जाने के प्रमाण स्वरूप उन्हें स्वामित्व अभिलेख प्रदाय किये जायेंगे। उन्होंने कहा है कि ग्रामीणों के लिये यह योजना वरदान बनेगी। ग्रामवासियों को आबादी भूमि का मालिकाना हक मिलने से उन्हें सम्पत्तियों पर बैंक से ऋण लेना भी संभव होगा। पंचायतों को भी इस योजना से आय साधन बढ़ेंगे।

चना, मसूर, सरसों उपार्जन की अंतिम तिथि बढ़ाई जायेगी

चना, मसूर, सरसों उपार्जन की अंतिम तिथि बढ़ाई जायेगी 

खण्डवा 29 मई, 2020 - प्रदेश में चना, मसूर, सरसों के उपार्जन की अंतिम तिथि 30 मई को बढ़ाए जाने के लिये निर्देश दिये गए हैं। प्रदेश के कृषि मंत्री श्री कमल पटेल ने बताया कि चना, मसूर, सरसों का उपार्जन विलंब से प्रारंभ होने से इसकी अंतिम तिथि का बढ़ाये जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग से प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा गया है। शीघ्र ही किसानों के हित में निर्णय लिया जाकर अंतिम तिथि को बढ़ाया जायेगा।

आँगनवाड़ी केन्द्रों में फीवर क्लीनिक नहीं खोली जायेंगी

आँगनवाड़ी केन्द्रों में फीवर क्लीनिक नहीं खोली जायेंगी 

खण्डवा 29 मई, 2020 - आँगनवाड़ी केन्द्रों का उपयोग सिर्फ महिला बाल विकास विभाग के अन्तर्गत चिन्हित टीकाकरण, स्वास्थ्य सेवाएँ पोषण आहार वितरण आदि के लिए ही किया जाएगा। प्रदेश के किसी भी आँगनवाड़ी केन्द्र में फीवर क्लीनिक अथवा कोविड-19 की गतिविधियों का संचालन नहीं होगा। प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण श्री फैज अहमद किदवई ने प्रदेश के सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए है कि कोविड-19 से संक्रमित मरीज के थूक के कणों से दो मीटर के भीतर सम्पर्क में आए किसी अन्य व्यक्ति को संक्रमित कर सकती है। प्रदेश में संचालित किसी भी आँगनवाड़ी में कोविड-19 संबंधी गतिविधियां, फीवर क्लीनिक का संचालन या सेम्पलिंग कार्य के लिये आँगनवाड़ी सह-आरोग्य केन्द्र का उपयोग न किया जाये। श्री किदवई ने कहा है कि भारत सरकार की गाईडलाइन के अनुसार गर्भवती महिलाएँ और 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चे हाईरिस्क की श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं। 

1 जून से रेल सेवा शुरू होगी, मध्यप्रदेश में 15 ट्रेनों का स्टॉपेज रहेगा

1 जून से रेल सेवा शुरू होगी, मध्यप्रदेश में 15 ट्रेनों का स्टॉपेज रहेगा 

खण्डवा 29 मई, 2020 - आगामी 1 जून 2020 से मध्यप्रदेश में भी रेल सेवा आरंभ होगी। प्रदेश में 15 ट्रेनों का स्टॉपेज रहेगा। ये ट्रेनें श्रमिक स्पेशल ट्रेन के अतिरिक्त रहेंगी। डीआरएम भोपाल से प्राप्त जानकारी अनुसार ट्रेनों का स्टॉपेज खंडवा के साथ साथ सागर, विदिशा, रायसेन, भोपाल, होशंगाबाद, हरदा, अशोकनगर, गुना, राजगढ़ और शाजापुर जिले में होगा। रेल आवागमन संबंधी भारत सरकार के गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी स्टेंडर्ड ऑपरेटिव प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये गए हैं। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग एवं अन्य प्रबंधों के लिये भी कलेक्टरों को निर्देश दिये गये हैं। जाँच में संभावित संक्रमित पाये गये यात्रियों को 14 दिवस के लिये क्वारेंटाईन सेंटर में रखा जाएगा। क्वारेंटाईन सेंटर में रहने से असहमत रहने वाले यात्रियों को उनके स्वयं के व्यय पर शासन द्वारा निर्धारित निजी होटलों में भी क्वारेंटाईन किया जाएगा। क्वारेंटाईन अवधि समाप्त होने के उपरांत पुनः जाँच की जायेगी एवं रिपोर्ट नेगेटिव पाये जाने पर ही घर जाने की अनुमति दी जायेगी। 

स्नातक एवं स्नातकोत्तर के फायनल सेमेस्टर की परीक्षा 29 जून से 31 जुलाई तक

स्नातक एवं स्नातकोत्तर के फायनल सेमेस्टर की परीक्षा 29 जून से 31 जुलाई तक

खण्डवा 29 मई, 2020 - प्रदेश के सभी शासकीय और निजी विश्वविद्यालयों की स्नातक अंतिम वर्ष तथा स्नातकोत्तर चतुर्थ सेमेस्टर की कक्षाओं की परीक्षाएं ऑफलाइन आयोजित होंगी। आगामी 29 जून से 31 जुलाई के बीच विद्यार्थियों को पेन पेपर मोड पर परीक्षा केंद्रों पर जाकर परीक्षा देना होगा। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सभी शासकीय और निजी विश्वविद्यालयों के कुलसचिव तथा सभी शासकीय, अशासकीय स्वशासी, अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों के प्राचार्यों को परीक्षाओं एवं अकादमी कैलेंडर के संबंध में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय परीक्षाओं के संचालन में परीक्षा केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन किया जाना अनिवार्य होगा। स्नातक प्रथम, द्वितीय वर्ष तथा स्नातकोत्तर द्वितीय सेमेस्टर और अन्य पाठ्यक्रमों की नियमित परीक्षाएं स्थानीय स्तर पर परिस्थितियां सामान्य होने पर आयोजित की जा सकेगी। स्नातक कक्षाओं के प्रथम एवं द्वितीय वर्ष सेमेस्टर एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं के द्वितीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा में प्रवेश देकर 1 सितंबर 2020 से नया सत्र प्रारंभ किया जाएगा। इस वर्ष के लिए स्नातक कक्षाओं और पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष तथा स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का नया सत्र आगामी 1 अक्टूबर  से शुरू होगा।

‘रोजगार सेतु‘ योजनातंर्गत सर्वे शुरू,मजदूरों को उनकी योग्यतानुसार मिलेगा काम

‘रोजगार सेतु‘ योजनातंर्गत सर्वे शुरू,मजदूरों को उनकी योग्यतानुसार मिलेगा काम

खण्डवा 29 मई, 2020 - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कुशल प्रवासी मजदूरों को उनके कौशल के अनुरूप उद्योगों, नियोजनों, निर्माण कार्यों आदि में कार्य देने के लिये ‘‘रोजगार सेतु‘‘ योजना प्रारंभ की गयी है। इस प्रकार की योजना बनाने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में कुशल प्रवासी मजदूरों के सर्वेक्षण का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि सर्वेक्षण के दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत में आये प्रवासी मजदूरों के संबंध में उनके कौशल सहित अन्य जानकारी एकत्रित की जा रही है। वहीं दूसरी ओर उद्योगों, कारखानों, नियोजनों आदि से जानकारी एकत्रित की जा रही है कि उन्हें किस कौशल के मजदूरों की आवश्यकता है। इस प्रकार एक रोजगार सेतु का निर्माण किया जा रहा है जिसके माध्यम से कुशल मजदूरों को उनके कौशल के अनुसार कार्य मिल सकेगा, वहीं उद्योगों, नियोजनों, निर्माण कार्यों के लिये कुशल श्रमिक आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।

राज्य बालश्री कला प्रतियोगिता ऑनलाइन आयोजित होगी

राज्य बालश्री कला प्रतियोगिता ऑनलाइन आयोजित होगी

खण्डवा 29 मई, 2020 - जवाहर बाल भवन द्वारा लॉकडाउन के इस दौर में भी बच्चों की सृजनात्मक कला के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जा रही है। बच्चों को विभिन्न कलाओं में ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जा रहा है इसमें अभिनय सृजनात्मक लेखन, नाटक आदि शामिल है। बाल भवन द्वारा बच्चों के सृजनात्मक कला के विकास के लिए ऑनलाइन राज्य बालश्री प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। आगामी 20 जुलाई तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में 5 से 10 वर्ष तथा सीनियर वर्ग में 11 से 16 वर्ष तक के बच्चे भाग ले सकते है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए http://www.jawaharbalbhawanbhopl.com/  पर पंजीयन कराया जा सकता है। इसके अतिरिक्त फोन नम्बर 8959503202, 9425011719 तथा 9669333020 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।
सभी प्रतियोगिता के लिए जवाहर बाल भवन में ऑनलाइन पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता में सम्मिलित लेखन के अन्तर्गत हस्तलिखित रचना तथा चित्रकला, हस्तकला एवं मूर्तिकला प्रतियोगिता के अन्तर्गत निर्मित कलाकृतियों को लॉकडाउन समाप्त होने के पश्चात भोपाल संभाग के बच्चे जवाहर बाल भवन, भोपाल में तथा अन्य जिलों के बच्चे निकटतम संभागीय बाल भवन ग्वालियर, सागर, रीवा, जबलपुर, उज्जैन एवं इंदौर में अपनी सुविधानुसार जमा करा सकते हैं। नृत्य, गायन, वादन एवं अभिनय के कुछ चयनित प्रतिभागियों की प्रस्तुतियाँ लॉकडाउन समाप्त होने के पश्चात आवश्यकतानुसार जवाहर बाल भवन, भोपाल में कराई जायेगी। नृत्य, गायन, वादन, अभिनय की वीडियो तथा हस्तकला, चित्रकला, मूर्तिकला की कलाकृति की फोटो एवं लेखन के अन्तर्गत लिखी रचनाओं की स्केन कॉपी 20 जून 2020 को सायं 6 बजे तक jawaharbhavanbpl@gmail.com पर ई-मेल कर सकते हैं। सभी प्रतियोगिताओं में जूनियर एवं सीनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिये चयनित प्रतियोगिताओं को पृथक-पृथक पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। प्रतियोगिता विवरण और नियम की विस्तृत जानकारी बालभवन की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

तार मिस्त्री परीक्षा आवेदन 5 जून तक ऑनलाइन जमा करायें

तार मिस्त्री परीक्षा आवेदन 5 जून तक ऑनलाइन जमा करायें

खण्डवा 29 मई, 2020 - आगामी जुलाई माह में वायरमेन परीक्षा खण्डवा में आयोजित होगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन आगामी 5 जून तक जमा कराये जा सकते है। संभागीय अनुज्ञापन समिति के सचिव ने बताया कि यह आवेदन Esd.mponline.gov.in के माध्यम से भेजे जा सकते है।

कोरोना विजेता श्री अख्तर अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर गए

कोरोना विजेता श्री अख्तर अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर गए

खण्डवा 29 मई, 2020 - कोरोना वायरस के संक्रमण से मुक्त होने पर बंगाली कॉलोनी निवासी अख्तर रफीक खान को जिला चिकित्सालय खण्डवा से डिस्चार्ज किया गया। इस दौरान उपस्थित डॉक्टर्स व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने ताली बजाकर इस कोरोना विजेता का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें अस्पताल से उनके घरों के लिए विदा किया गया।
पर्यटन निगम के भोजन व नाश्ते की सराहना की
  कोरोना विजेता श्री अख्तर ने इस अवसर पर बताया कि जिला प्रशासन द्वारा कोविड केयर सेंटर में हाल ही में मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के माध्यम से की गई नाश्ते व भोजन की व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब भोजन की गुणवत्ता पहले से बेहतर है। अख्तर ने बताया कि डॉक्टर्स का मरीजों के प्रति व्यवहार भी बहुत अच्छा है। कोरोना विजेता श्री अख्तर खान ने बताया कि कोविड केयर सेंटर में खाना और दंवाईयां सहित सभी जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो जाती है। कोविड केयर सेंटर से डिस्चार्ज करने से पूर्व डॉक्टर्स ने अख्तर को अगले 2 सप्ताह तक पूरी सावधानी बरतनें तथा सोशल डिस्टेंसिंग व होम क्वारेंटाइन के प्रावधानों का पालन करने की समझाइश दी।