AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Friday, 29 November 2019

टॉवर एप संबंधी एक दिवसीय प्रशिक्षण आज

                                      टॉवर एप संबंधी एक दिवसीय प्रशिक्षण आज
खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - राज्य शासन द्वारा जारी मध्यप्रदेश में दूरसंचार सेवा, इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराने के लिए अवसंरचना की स्थापना को सुगम बनाने के लिए ऑनलाइन पोर्टल  http://towerapp.mp.go.in द तैयार किया गया है। परिवीक्षाधीन डिप्टी कलेक्टर दीपाश्री गुप्ता ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम ई-दक्ष केन्द्र ई गवर्नेंस कार्यालय में 30 नवम्बर को 2 बैच में आयोजित होगा। पहला बैच प्रातः 11 बजे से आयोजित होगा, जिसमें 25 विभागों के अधिकारी कर्मचारी को तथा दूसरा बैच अपरान्ह 2 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें 23 विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा।

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक स्थगित

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक स्थगित

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्री डी.एस. चौहान ने बताया कि 30 नवम्बर को आयोजित होने वाली जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है।

छापामार कार्यवाही में लगभग 64 हजार रू. की अवैध मदिरा जप्त

छापामार कार्यवाही में लगभग 64 हजार रू. की अवैध मदिरा जप्त 


खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - जिला आबकारी अधिकारी श्री विजय सिंह सोलंकी ने बताया कि कलेक्टर जिला खण्डवा श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल के निर्देश पर 27 , 28 एवं 29 नवम्बर को ग्राम पिपलोद, रामपुरी, कुमठा, भीलखेड़ी, बड़ोदा अहिर, जमना, कालंका, नानाखेड़ी, घाटाखेड़ी, बिजोरा भील, दोंड़वाड़ा, भकराड़ा एवं ग्राम सुरगांव बंजारी़ में अवैध मदिरा के संग्रहण व विक्रय के विरूद्ध कार्यवाही की गई। इस छापामार कार्यवाही के दौरान कुल 25 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए तथा 14 आरोपी गिरफ्तार किए गए। श्री सोलंकी ने बताया कि छापामार कार्यवाही में 90 लीटर हाथ भट्टी मदिरा, लहान 885 कि.ग्रा., विदेशी मदिरा 72 पॉंव एवं 14 बोतल केनबियर जप्त की गई। उन्होंने बताया कि जप्त मदिरा एवं लहान की अनुमानित लागत लगभग 64910 रूपये है। इस कार्यवाही में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री आर.एस. तोमर, श्री आर.पी. अहिरवार, उप निरीक्षक श्री शेरसिंह मोरे सहित अधीनस्थ स्टॉफ का सक्रिय योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि अवैध मदिरा के भण्डारण, परिवहन व विक्रय के विरूद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

जिला स्तरीय गोपाल पुरूस्कार प्रतियोगिता का समापन आज

जिला स्तरीय गोपाल पुरूस्कार प्रतियोगिता का समापन आज

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - जिला स्तरीय गोपाल पुरूस्कार प्रतियोगिता का समापन 30 नवम्बर को होगा। उपसंचालक पशुपालन ने बताया कि समापन अवसर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल तथा विशेष अतिथि के रूप में खण्डवा विधायक श्री देवेन्द्र वर्मा उपस्थित रहेंगे।  कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती हसीना बाई भाटे करेंगी। यह गोपाल पुरूस्कार प्रतियोगिता समापन कार्यक्रम पशु चिकित्सा पॉलिक्लिनिक परिसर खण्डवा में प्रातः 10 बजे से आयोजित किया गया है। 

ओल्ड एज होम मंे स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सम्पन्न

ओल्ड एज होम मंे स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सम्पन्न


खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत स्थानीय सीड संस्था द्वारा संचालित मां महिला आश्रय ग्रह एवं परामर्श केंद्र गणेशगंज खंडवा में ओल्ड एज होम में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन में डॉक्टर संजय इंगले मनोरोग चिकित्सक व उनकी टीम तथा नर्सिंग छात्राओं द्वारा वृद्ध महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें उपचारित भी किया गया। आयोजन में कुल 22 वृद्ध महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच तथा रक्तचाप व मधुमेह की जांच की गई तथा उन्हें दवाइयां प्रदान की गई थी। साथ ही वयोवृद्ध महिलाओं को शॉल, श्रीफल भेंटकर सम्मानित भी किया गया। 

कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल 4 दिसम्बर को करेंगी योजनाओं की समीक्षा

कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल 4 दिसम्बर को करेंगी योजनाओं की समीक्षा

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - आगामी 4 दिसम्बर 2019 को प्रातः 11 बजे साप्ताहिक समीक्षा बैठक कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल की अध्यक्षता में आयोजित होगी। इस बैठक में जनगणना शिविर के आयोजन, किसान ऋण माफी के अपीलीय प्रकरणों की अद्यतन स्थिति, फुड सर्वें की प्रगति की समीक्षा की जायेगी। इसके अलावा वन मित्र एप के माध्यम से वन अधिकार समितियों के पंजीयन की अद्यतन स्थिति, यूरिया, खाद, बीज के वितरण की उपलब्धता की अद्यतन स्थिति, निर्वाचन का डेटा, पी.एम. किसान योजना की अद्यतन स्थिति, राहत राशि वितरण की अद्यतन स्थिति, आर्थिक 7वीं जनगणना सी.एस.सी. की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की जायेगी। बैठक में सभी जिला अधिकारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के लिए कहा। 

प्रदेश के 2500 आँगनवाडी केन्द्रों में लगेंगे सोलर पैनल

प्रदेश के 2500 आँगनवाडी केन्द्रों में लगेंगे सोलर पैनल 

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - प्रदेश के 2500 दुर्गम आँगनवाडी केन्द्रों में विद्युत व्यवस्था के लिये सोलर पैनल लगाये जाएंगे। इस कार्य पर लगभग 14 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। ये सोलर पैनल ऐसे आँगनवाड़ी केन्द्रों में लगाये जाएंगे, जहाँ बिजली उपलब्ध नहीं है अथवा बिजली की व्यवस्था करने पर लागत बहुत ज्यादा आती है। ऑगनवाड़ी केन्द्रों में लगाये जाने वाले सोलर पैनल एक के.व्ही. क्षमता और 3 घंटे बैकअप के होंगे।

शाला सिद्धि प्रकोष्ठ का गठन किया जायेगा

शाला सिद्धि प्रकोष्ठ का गठन किया जायेगा

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा “शाला सिद्धि- हमारी शाला ऐसी हो“ कार्यक्रम के क्रियान्वयन विषयक व्यापक निर्देश जारी किए गए है। जारी निर्देशानुसार सभी कार्यवाहियां पूर्ण कर ली गई है। अब शाला सिद्धि कार्यक्रम प्रभावी और परिणाम मूलक बनाने की दृष्टि से संभाग एवं जिले स्तर पर शाला सिद्धि प्रकोष्ठ की स्थापना की जाएगी। इस संबंध में राज्य शिक्षा केंद्र की संचालक आईरीन सिंथिया जे.पी. ने समस्त संयुक्त संचालक एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर प्रकोष्ठ का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा केंद्र में कार्यरत सहायक संचालक, सहायक परियोजना समन्वय को नियुक्त किया जाएगा और और 3-4 ऐसे सदस्यों को शामिल किया जाएगा, जो शाला सिद्धि कार्यक्रम की सघन मॉनीटरिंग कर प्रगति के प्रति उत्तरदायी रहें। इस प्रकोष्ठ में डाईट के एक प्रतिनिधि को अवश्य शामिल किया जाए। 

3 दिसम्बर को मनाया जायेगा विश्व विकलांग दिवस

3 दिसम्बर को मनाया जायेगा विश्व विकलांग दिवस 

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी 3 दिसम्बर, 2019 को विश्व विकलांग दिवस मनाया जायेगा। इस अवसर पर खण्डवा जिले में दिव्यांग व्यक्तियों के सामर्थ्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। इस कार्यक्रम में संस्थागत एवं गैर संस्थागत दिव्यांग विद्यार्थी सहभागिता करेंगे।  इस संबंध में सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग उपसंचालक ने जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, जिला परियोजना समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान, जायन्ट्स चेरीटेबल ट्रस्ट मूक बधिर, संघ विद्यालय रेडक्रास सोसायटी तथा अध्यक्ष म.प्र.विकलांग संघ को आवश्यक निर्देश दिये है।

अब बुर्जुग पत्रकारों को सम्मान निधि के रूप में मिलेंगे 10 हजार रू. प्रतिमाह


अब बुर्जुग पत्रकारों को सम्मान निधि के रूप में मिलेंगे 10 हजार रू. प्रतिमाह

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - जनसंपर्क विभाग द्वारा अधिमान्यता प्राप्त वरिष्ठ एवं बजुर्ग पत्रकारों को प्रतिमाह प्राप्त होने वाली श्रृद्धानिधी राषि में बढ़ोत्तरी की गई है। वहीं श्रृद्धानिधी का नाम भी बदलकर सम्माननिधि कर दिया गया है। जनसंपर्क विभाग के अपर सचिव डॉ. एल.एल. चौधरी ने जारी आदेष में बताया कि पहले अधिमान्यता प्राप्त वरिष्ठ एवं बजुर्ग पत्रकारों को 7 हजार रूपए प्रतिमाह प्रदान किए जाते थे, जिसे बढ़ाकर 10 हजार रूपए कर दिए गए है। साथ ही श्रृद्धानिधी का नाम परिवर्तित कर सम्माननिधि कर दिया गया है।

खादी के प्रति जागरूकता लाने के लिये सुझाव आमंत्रित

 खादी के प्रति जागरूकता लाने के लिये सुझाव आमंत्रित

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने अपने फैशनेबल और डिजाइनर खादी वस्त्रों को ‘‘कबीरा’’ ब्रॉण्ड के नाम से मार्केट में लांच किया है। खादी की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 14 केन्द्र खोले गए हैं। ‘‘कबीरा’’ का मुख्य उद्देश्य सभी आयु वर्ग के लोगों के बीच खादी को लोकप्रिय बनाना है और उनमें स्वदेशी पोषाक के बारे में जागरूकता लाना है।
मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने लोगों में खादी के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिये सुझाव एवं विचार आमंत्रित किए हैं। स्वदेशी वस्त्रों को लोकप्रिय बनाने के लिए नागरिक अपने सुझाव mp.mygov.in पर साझा कर सकते हैं। इस पोर्टल पर खादी से बने कपड़ों को लोकप्रिय बनाने और हाथ से बने कपड़ों के बारे में लोगों को जागरूक करने के बारे में विस्तार से बताया गया है। 

प्रधानमंत्री किसान मान धन योजना में करायें अपना पंजीयन

प्रधानमंत्री किसान मान धन योजना में  करायें अपना पंजीयन

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - भारत सरकार की प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना में किसान भाई अपना पंजीयन कामन सर्विस सेंटर पर जाकर करा सकते है। साथ ही किसान पोर्टल पर स्वयं भी आवेदन कर सकते है। प्रधानमंत्री किसान मान धन योजना के तहत 2 हैक्टेयर भूमि तक के कृषक जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष तक है। वह इस योजना में पंजीयन कर सकते है। पंजीकृत कृषकों को 60 वर्ष की आयु के बाद प्रतिमाह 3 हजार रुपये की राशि पेंशन के रूप में प्राप्त होगी। इस योजना के तहत किसान भाई को प्रीमियम की हर माह जितनी राशि जमा करना होगी, उतनी ही राशि शासन द्वारा भी कृषक के खाते में जमा कराई जायेगी। पंजीयन हेतु कृषकों को अपने साथ खसरा, खतौनी की नकल, आधारकार्ड, दो-दो फोटो एवं बैंक पासबुक लेकर जाना होगा। अधिक जानकारी के लिए परियोजना संचालक आत्मा के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
     योजना अन्तर्गत किसानों को अपनी आयु अनुसार प्रीमियम देना होगी। 18 वर्ष के कृषक को प्रतिमाह 55 रुपये, 19 वर्ष के कृषको को 58,  20 वर्ष के कृषको को 61, 21 वर्ष के कृषको को 64, 22 वर्ष के कृषको को 68, 23 वर्ष के कृषको को 72,  24 वर्ष के कृषको को 76,  25 वर्ष के कृषको को 80, 26 वर्ष के कृषको को 85, 27 वर्ष के कृषको को 90,  28 वर्ष के कृषको को 95, 29 वर्ष के कृषको को 100, 30 वर्ष के कृषको को 105,  31 वर्ष के कृषको को 110, 32 वर्ष के कृषको को 120,  33 वर्ष के कृषको को 130, 34 वर्ष के कृषको को 140,  35 वर्ष के कृषको को 150, 36 वर्ष के कृषको को 160, 37 वर्ष के कृषको को 170, 38 वर्ष के कृषको को 180, 39 वर्ष के कृषको को 190 एवं 40 वर्ष के कृषको को 200 रूपये प्रतिमाह जमा करने होंगे।

अनुमति बगैर अतिरिक्त भवन निर्माण की अनुमति के लिए ऑनलाइन करें आवेदन

अनुमति बगैर अतिरिक्त भवन निर्माण की अनुमति के लिए  करें ऑनलाइन  आवेदन

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - स्वीकृत भवन अनुज्ञा के विपरीत अतिरिक्त भवन निर्माण के प्रकरणों के प्रशमन (निराकरण) के लिये आवेदन को निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास श्री पी. नरहरि ने जानकारी दी है कि ऑनलाइन आवेदन जमा करने की सुविधा  ई-नगरपालिका के अंतर्गत पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है। 
अप्राधिकृत संन्निर्माण के प्रशमन में छूट 10 प्रतिशत की सीमा तक के लिये ऑनलाइन आवेदन के साथ अतिरिक्त निर्माण के संबंध में नक्शे की इलेक्ट्रॉनिक प्रति भी अपलोड करनी होगी। ऑनलाइन पोर्टल से ही जमा की जाने वाली राशि की जानकारी आवेदक को मिलेगी। निर्धारित राशि जमा करने पर उसे डिजिटल हस्ताक्षरित अनुमति-पत्र 15 दिन में जारी किया जाएगा। आवेदक को आवेदन करते समय ही इलेक्ट्रॉनिक मोड में यह प्रमाणीकरण करवा लिया जाएगा कि उसके द्वारा दी गई जानकारी सही है तथा जानकारी गलत होने पर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा सकेगी।  बिना सक्षम अधिकारी की अनुज्ञा के भवन निर्मित करने के प्रशमन के लिए भवन अनुज्ञा प्राप्त करने की प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा।  इसमें अन्य कोई अनियमिताएँ नहीं पाए जाने पर निर्धारित शुल्क लेकर प्रशमन की स्वीकृति दी जाएगी। ऐसे प्रकरण पूर्व से संचालित ऑनलाइन प्रक्रिया के अंतर्गत निराकृत किये जाएंगे। आवेदक को प्रत्येक स्तर पर एसएमएस ई-मेल द्वारा सूचित किया जाएगा। इन प्रकरणों में स्थल जाँच एवं परीक्षण भी आवश्यक होगा, किन्तु किसी भी परिस्थिति में यह अनुज्ञा 30 दिन में जारी अथवा अस्वीकृत की जाएगी। 

नगरीय निकायों में ई-नगरपालिका पोर्टल से स्वीकृति, भुगतान करने के निर्देश

नगरीय निकायों में ई-नगरपालिका पोर्टल से स्वीकृति, भुगतान करने के निर्देश

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - सभी नगरीय निकायों में ई-नगरपालिका पोर्टल के माध्यम से कम्प्यूटराईज्ड प्रणाली लागू की गई है। प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास ने निर्देशित किया है कि निकायों के सभी लेखों को इलेक्ट्रॉनिक मोड में ही संधारित करें। सभी प्रकार की स्वीकृतियाँ, भुगतान एवं प्राप्तियाँ ई-नगरपालिका पोर्टल के माध्यम से ही करने के निर्देश दिये गये हैं।
नगरीय निकायों को निर्देशित किया गया है कि बजट के अनुसार ही स्वीकृतियाँ जारी करें। सभी स्वीकृति ऑनलाइन जारी होंगी। भुगतान के लिये निर्माण कार्य एवं खरीदी से संबंधित सभी देयक निर्माण एजेन्सी अथवा विक्रेता द्वारा स्वयं सॉफ्टवेयर के माध्यम से ऑनलाइन प्रस्तुत किये जाएंगे। छोटे खर्चो के देयक भी प्राप्त होते ही लेखापाल द्वारा सॉफ्टवेयर में दर्ज किये जाएंगे। पहले प्राप्त होने वाले देयकों का भुगतान पहले किया जाएगा। देयक एक साथ प्राप्त होने पर अनुपातिक रूप में समान भुगतान किया जाए। समस्त प्राप्तियाँ सीधे ई-नगरपालिका पोर्टल के माध्यम से ली जाएं। मेन्युअल रसीद नहीं काटी जाए। वार्डवार और राजस्व निरीक्षकवार राजस्व वसूली का लक्ष्य निर्धारित कर वास्तविक वसूली के आधार पर पुरस्कार एवं दण्ड की व्यवस्था की जाए। निर्देशों की अवेहलना होने पर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए हैं।

निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी

निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2020 का संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है, जिसके तहत अब एक जनवरी 2020 की अर्हता तिथि के दृष्टिगत कार्यक्रम की तिथियों में परिवर्तन हुआ है। 
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण पूर्व गतिविधियों में इलेक्टर्स वेरीफिकेशन प्रोग्राम एवं पुनरीक्षण पूर्व की गतिविधियां और मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण का कार्य 30 नवम्बर तक किया जाएगा। एकजाई प्रारूप निर्वाचक नामावली के प्रारूप का प्रकाशन 16 दिसम्बर को किया जाकर 16 दिसम्बर 19 से 15 जनवरी 20 तक दावे-आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। दावे-आपत्तियों का निराकरण 27 जनवरी 2020 के पहले होगा। इसी तरह 4 फरवरी 2020 को पूरक सूची और 7 फरवरी 2020 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

इमर्जेंसी रिस्पोंस एलर्ट सिस्टम से गुम हुए बच्चों की तलाश में मिलेगी मदद

इमर्जेंसी रिस्पोंस एलर्ट सिस्टम से गुम हुए बच्चों की तलाश में मिलेगी मदद

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - प्रदेश में आने वाले समय में मध्यप्रदेश इमरजेंसी रिस्पांस एलर्ट सिस्टम ‘‘एमपीईआर‘‘ के जरिये प्राकृतिक आपदाओं और आपात स्थितियों में गुम हुए बच्चों की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की जा सकेगी। इसके लिये एमपीईआर एलर्ट सिस्टम विकसित किया जा रहा है। बीएसएनएल और मैप आईटी द्वारा सूचना के शीघ्र सम्प्रेषण के लिये यह एलर्ट सिस्टम का तैयार किया जा रहा है। मैप आईटी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री फ्रैंक नोबल ने बताया कि बीएसएनएल के सहयोग से उन्नत तकनीक अपनाते हुए अमेरिका के अम्बर एलर्ट सिस्टम के अनुरूप एमपीईआर एलर्ट सिस्टम विकसित किया जा रहा है।
         प्रस्तावित एलर्ट सिस्टम में गृह विभाग (पुलिस), जल संसाधन, आपदा प्रबंधन, राजस्व विभाग तथा कृषि विभाग की अहम् भूमिका रहेगी। किसी आपदा के दौरान एमपीईआर एलर्ट के सक्रिय होने पर मीडिया और आम लोगों के लिए ताजा सूचनाएं और फोटोग्राफ्स एजेंसी की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेंगे। इस सिस्टम के जरिए आपदा की स्थिति में टेलीविजन और रेडियो प्रसारण में इमरजेंसी टोन सुनाई देगी। सोशल मीडिया के फेसबुक और ट्विटर जैसे प्लेटफार्म्स तक आम लोगों की बड़ी संख्या में पहुँच के चलते एमपीईआर एलर्ट की उपयोगिता बाबत जानकारी भी दी जाएगी।

‘मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना‘ की मदद से दुकान खोली, तो परिवार हुआ खुशहाल

 खुशियों की दास्तां

‘मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना‘ की मदद से दुकान खोली, तो परिवार हुआ खुशहाल

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - जिले के ग्राम खेड़ी निवासी अनूप चौहान घर में ही छोटी सी दुकान चलाकर जैसे तैसे अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे है। दुकान घरेलू और छोटे स्तर की थी इसलिए आय भी कम ही थी, ऐसे में परिवार का पालन और आवश्यकताओं की पूर्ति मुश्किल से ही हो रही थी। इस सबसे परेशान अनूप ने कई बार सोचा कि बड़ी दुकान मेन बाजार में खोल ले तो आय भी बढ़ेगी और परिवार की जरूरतें भी पूरी होने लगेगी। लेकिन समस्या पूंजी की थी, क्योंकि बड़ी दुकान खोलने में लगभग 4-5 लाख रू. का खर्चा था, जो अनूप के लिए असंभव जैसा था। एक दिन उसे पता चला कि उद्योग विभाग खुद की दुकान खोलने के लिए मदद देता है। अतः अनूप ने उद्योग विभाग जाकर पूछताछ की और मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत दुकान खोलने के लिए ऋण लेने हेतु आवेदन कर दिया। 
उद्योग विभाग ने अनूप को किराना दुकान खोलने के लिए 4.70 लाख रू. का ऋण मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत स्वीकृत कर दिया। कुछ ही दिनों में बैंक ऑफ इंडिया खेड़ी शाखा से 4.70 लाख रूपये ऋण के रूप में उसे मिल भी गए, जिससे उसने बस स्टेण्ड खेड़ी के पास किराना सामान की बड़ी दुकान शुरू कर दी। अब उसकी दुकान पर जरूरत का सभी सामान मिल जाता है। अनूप बताता है कि दुकान से वह लगभग 20 हजार रूपये हर महीने आसानी से कमा लेता है, जिससे अपने दो बच्चों का छोटा से परिवार का पालन पोषण वह बहुत अच्छी तरह से कर पा रहा है। अनूप कहता है कि यदि उद्योग विभाग से समय पर मदद न मिलती तो वह बहुत परेशान रहता। उद्योग विभाग की मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना ने उसकी राह आसान कर दी है। अनूप व उसका परिवार बहुत खुश है।

सरदार पटेल नेशनल यूनिटी अवार्ड के लिए आवेदन आमंत्रित

सरदार पटेल नेशनल यूनिटी अवार्ड के लिए आवेदन आमंत्रित

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - भारत सरकार द्वारा सरदार पटेल नेशनल यूनिटी अवार्ड-2019 के लिए ऑनलाईन आवेदन 30 नवम्बर 2019 तक चाहे गए है। इच्छुक व्यक्ति भारत सरकार की बेबसाईट www.nationalunityawards.mha.gov.in पर ऑनलाईन आवेदन 30 नवम्बर 2019 तक जमा करवा सकते है। विस्तृत जानकारी उक्त वेबसाइट से प्राप्त कर सकते है। 

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आज

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आज

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक 30 नवम्बर को आयोजित होगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्री डी.एस. चौहान ने बताया कि यह बैठक कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल की अध्यक्षता में आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि बैठक प्रातः 11 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित होगी। बैठक में स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। 

श्रमयोगी मानधन योजना के तहत पेंशन सप्ताह 6 दिसम्बर तक मनाया जायेगा

श्रमयोगी मानधन योजना के तहत पेंशन सप्ताह 6 दिसम्बर तक मनाया जायेगा

जिला स्तरीय कार्यक्रम आज गौरीकंुज में

खण्डवा 29 नवम्बर, 2019 - प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के बारे में श्रमिकों में जागरूकता लाने तथा इस योजना के प्रचार प्रसार के उद्देश्य से 30 नवम्बर से 6 दिसम्बर तक प्रदेश में पेंशन सप्ताह मनाया जायेगा। इस कार्यक्रम के तहत जनपद पंचायत व ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन कर अधिक से अधिक संख्या में श्रमिकों को इस योजना से जोड़ने का प्रयास किया जायेगा। इस योजना के प्रचार प्रसार के लिए 30 नवम्बर को जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे, जिसमें 18 से 40 आयु वर्ग के श्रमिकों का पंजीयन प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के तहत किया जायेगा। जिला श्रम पदाधिकारी श्री ए.एस. अलावा ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम 30 नवम्बर को स्थानीय गौरीकुंज सभागृह में प्रातः 11ः30 बजे से आयोजित किया जायेगा।