AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Tuesday, 3 August 2021

विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत पोस्टर प्रतियोगिता सम्पन्न

 विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत पोस्टर प्रतियोगिता सम्पन्न



खण्डवा 3 अगस्त, 2021 - विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत नर्सिंग छात्राओं द्वारा पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बनाये गये पोस्टर्स का प्रदर्शन 3 अगस्त को मेडिकल कॉलेज सह जिला चिकित्सालय खंडवा के बी-ब्लॉक में किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान, मेडिकल कॉलेज के एच.ओ.डी. शिशुरोग विशेषज्ञ डॉ. प्रमिला वर्मा, डॉ. निशा पवार, डॉ. भूषण बांडे, डॉ. गरिमा अग्रवाल, डॉ. नन्दनी दीक्षित द्वारा अवलोकन किया गया। इस अवसर पर नर्सिंग स्टॉफ प्रभारी नर्सिंग प्राचार्या श्रीमती दास गुप्ता, छात्राएं एवं महिलायें उपस्थित थी। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मीनल पूरी व रीना धाकड़, द्वितीय स्थान विनिता खातरकर व वर्षा मालाकार तथा तृतीय स्थान तोषिका दुबे व शालिनी मालवीया ने प्राप्त किया। वही स्लोगन प्रतियोगिता में उर्मिला बामने प्रथम स्थान, मोनिका चौधरी द्वितीय स्थान एवं चांदनी गुप्ता तृतीय स्थान पर रही, जिनको डॉ. डी.एस. चौहान द्वारा प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।  

इस प्रतियोगिता के माध्यम से स्तन को बढ़ावा देने पर जोर दिया कि मॉं का दूध बच्चे के लिये अनमोल उपहार है। नवजात षिषु और बच्चे को पर्याप्त सुरक्षा, पोषण तथा स्नेह की आवश्यकता होती है और स्तनपान शिशु की इन सभी आवष्यकताओं को पूरा करता है। आमजन में स्तनपान से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी के लिये प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी 1 अगस्त से 7 अगस्त तक स्तनपान सप्ताह मनाया जायेगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान ने बताया कि मॉं का पीला गाढ़ा कोलोस्ट्रम वाला दूध नवजात शिशु के लिये एकदम सटीक आहार है, जन्म के तुरंत बाद एक घण्टे के भीतर स्तनपान शुरू किया जाना चाहिये। उन्होंने बताया कि मॉं के दूध में बच्चे के लिये आवश्यक प्रोटीन, वसा, कैलोरी, लैक्टोज, लौह खनिज, पानी और एंजाईम पर्याप्त मात्रा में होते है। यह बच्चों की रोग प्रतिरोध क्षमता बढ़ाते हैं जो भविष्य में बच्चे को कई तरह के संक्रमण से सुरक्षित करता है। उन्होंने बच्चे के समुचित विकास के लिये स्तनपान की अपील की। छः माह की उम्र तक बच्चे को मात्र स्तनपान ही कराना चाहिये इससे बच्चे की रोग प्रतिरोधात्मक क्षमता बढ़ती है और बच्चे शारीरीक तथा मानसिक रूप से मजबूत बनते है। इस दौरान शिशु को कोई अन्य उपरी आहार नहीं देना चाहिये। शिशु को स्तनपान न केवल बच्चे के लिये वरन मॉं के लिये भी वरदान होता है। यह प्रसव पूर्व खून बहने और एनीमिया की संभावना को कम करता है तथा यह मॉं को अपनी पुरानी शारीरिक संरचना वापिस प्राप्त करने में सहायता करता है। 

बी.एड. संस्थानों में ऑनलाइन काउंसलिंग 1 अगस्त से प्रारंभ

 बी.एड. संस्थानों में ऑनलाइन काउंसलिंग 1 अगस्त से प्रारंभ 

खण्डवा 3 अगस्त, 2021 - सत्र 2021-22 में एन.सी.टी.ई. के बी.एड., एम.एड., बी.पी.एड., एम.पी.एड., बी.एड.एम.एड. (एकीकृत तीन वर्षीय) एवं बी.ए.बी.एड., बी.एससी.बी.एड., बी.एल.एड. तथा बी.एड. (अंशकालीन - तीन वर्षीय) पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिये ‘‘ऑनलाइन-काउंसलिंग 1 अगस्त से प्रारंभ हो गई है। श्री नीलकण्ठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ आशुतोष तिवारी ने बताया कि सभी प्रवेश प्रक्रिया, समय सारणी एवं निर्देश इत्यादि एम.पी. ऑनलाइन की वेबसाइट www.mponline.gov.in पर उपलब्ध है।

4 अगस्त को खंडवा शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी होगा कोविड टीकाकरण

 4 अगस्त को खंडवा शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी होगा कोविड टीकाकरण  

खण्डवा 3 अगस्त, 2021 - जिला प्रशासन, सामाजिक संस्था, स्वयंसेवी संस्थाओं और जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक व अन्य विभाग के सहयोग से चलाये जा रहे कोविड टीकाकरण अभियान में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों को टीका लगाया जा रहा है। शहरी क्षेत्र खंडवा के नोडल अधिकारी डॉ. एन.के. सेठीया ने बताया कि 4 अगस्त को शहर में 13 केन्द्रों पर कोविड-19 टीकाकरण होगा। इसमें कोवैक्सिन का दूसरा डोज जिला अस्पताल के बी ब्लाक कक्ष बी-4 एवं बी-5 में, अग्रवाल धर्मशाला बाम्बे बाजार, फूलमाली धर्मशाला गणेश तलाई, शासकीय माध्यमिक शाला रामनगर तथा ठक्कर बप्पा स्कूल दादाजी वॉर्ड में लगाया जायेगा। वहीं अग्रवाल धर्मशाला बॉम्बे बाजार, स्कॉलर्स डेन स्कूल शास्त्री नगर, शासकीय माध्यमिक शाला खानषाहवली, सरस्वती शिशु मंदिर दादाजी वॉर्ड, सब्जी मण्डी पंधाना रोड़, मराठी शाला भगतसिंह चौक तथा जिला चिकित्सालय के बी ब्लॉक के कक्ष बी-1 में कोविशिल्ड का प्रथम एवं द्वितीय डोज लगाया जायेगा। डॉ. सेठिया बताया कि कल टीकाकरण ऑनस्पॉट रजिस्ट्रेशन के आधार पर होगा। नागरिकों को टीकाकरण हेतु ऑनलाईन स्लॉट बुक करना अनिवार्य नहीं होगा। उन्होंने शहरवासियों से बड़ी संख्या में टीकाकरण की अपील करते हुए कहा कि कोरोना से बचाव हेतु कोविड वैक्सिन के दोनों डोज अनिवार्य है। अतः जिन नागरिकों का दूसरा डोज ड्यू है वे बगैर देरी किये कोरोना का दूसरा टीका अवश्य लगवायें। 

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनिल तंतवार ने बताया कि 4 अगस्त को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी विभिन्न टीकाकरण केन्द्रों पर कोविड टीकाकरण किया जायेगा। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की है कि कोविड का टीका एकदम सुरक्षित हैं और सभी पात्र नागरिकों को टीकाकरण कराना चाहिये। उन्होंने कहा कि नागरिक अपना टीकाकरण अवश्य करायें। साथ ही टीकाकरण के बाद भी अपने मुॅंह पर मास्क लगायें, सामाजिक शारीरिक दूरी का पालन करें तथा बार-बार साबुन से हाथ धोयें ताकि हम इस बीमारी पर विजय पा सकें।

’क्लीन विलेज-ग्रीन विलेज‘ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम सम्पन्न

 ’क्लीन विलेज-ग्रीन विलेज‘ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम सम्पन्न


खण्डवा 3 अगस्त, 2021 - नेहरू युवा केन्द्र खंडवा द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा 1 अगस्त से 15 अगस्त  2021 के अंतर्गत आज खंडवा जिले में ‘‘क्लीन विलेज-ग्रीन विलेज‘ अभियान के तहत वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला युवा अधिकारी श्रीमती पूजा कौशिक ने बताया कि खंडवा के बालिका छात्रावास बोरगांव खुर्द विकासखण्ड खंडवा में वृक्षारोपण का कार्यक्रम किया गया। इस दौरान अमरुद, सीताफल ,नीम आदि के वृक्षों का रोपण किया गया। वहाँ उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। साथ ही स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत जिला युवा अधिकारी श्रीमति कौशिक द्वारा छात्रावास की वार्डन श्रीमती सुनीता तथा साथियों को स्मृति स्वरूप शील्ड भेंट की गई। इस दौरान नेहरू युवा केंद्र, खंडवा ब्लॉक के स्वयंसेवक वैभव सोनी, संस्कृति मंडलोई, शीतल सोलंकी, मनीषा बाथम, रोशनी व अलका आदि उपस्थित रहें।

विश्व स्तनपान सप्ताह अन्तर्गत ’’जोड़ी कमाल की’’ प्रतियोगिता आयोजित होगी

 विश्व स्तनपान सप्ताह अन्तर्गत ’’जोड़ी कमाल की’’ प्रतियोगिता आयोजित होगी

खण्डवा 3 अगस्त, 2021 - महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रतिवर्ष की भॉति इस वर्ष भी 1 से 7 अगस्त 2021 के बीच विश्व स्तनपान सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास ने बताया कि विश्व स्तनपान सप्ताह अन्तर्गत खण्डवा जिले की समस्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिये ’’जोड़ी कमाल की’’ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रथम वीडियो आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को शिशुवती महिला की सास या पति का 30 सेकेण्ड का वीडियो तैयार करना होगा, जिसमें जन्म के तुरन्त बाद स्तनपान ना कराने या छः माह तक केवल मॉ का दूध ना देने का उनका अपना कारण बताया गया हो। वीडियो भेजने की अंतिम तिथि 7 अगस्त 2021 होगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास ने बताया कि प्रथम वीडियो में बताये गये कारणों का बेहतर समाधान जिले की शिशुवती महिला की पीडी/सकारात्मक सास या पति से प्राप्त कर इसका 30 सेकेण्ड का द्वितीय वीडियो तैयार कर अपलोड करना होगा। वीडियो भेजने की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2021 होगी। इन दोनों वीडियो को https;//www.amrutpaan.org  पर अपलोड करने होंगे। ये दोनों तरह के वीडियो जिलावार वेबसाइट पर डिस्प्ले होंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले से एक सर्वश्रेष्ठ वीडियों पुरस्कृत होगा। विजेता को रूपये 1000 का नगद पुरस्कार दिया जायेगा। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त 30 सेकेण्ड से अधिक की अवधि के वीडियों पर विचार नही किया जायेगा। 

विधायक स्वेच्छानुदान निधि से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता स्वीकृत

 विधायक स्वेच्छानुदान निधि से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता स्वीकृत

खण्डवा 3 अगस्त, 2021 - विधायक स्वेच्छानुदान निधि वर्ष 2021-22 के लिए विधानसभा क्षेत्र हरसूद के विधायक श्री विजय शाह की अनुशंसा पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत खालवा द्वारा पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र खण्डवा के विधायक श्री देवेन्द्र वर्मा की अनुशंसा पर नगर निगम आयुक्त एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत खण्डवा द्वारा पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। जारी स्वीकृति आदेश अनुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत खालवा ने 8 पीड़ित परिवारों को 80 हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। इसके अलावा नगर निगम आयुक्त एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत खण्डवा द्वारा 61 पीड़ित परिवारों को 4 लाख 2 हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. यादव 4 अगस्त को खण्डवा जिले के प्रवास पर रहेंगे

 उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. यादव 4 अगस्त को खण्डवा जिले के प्रवास पर रहेंगे

खण्डवा 3 अगस्त, 2021 - उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री डॉ. मोहन यादव 4 अगस्त को खण्डवा जिले के पंधाना आयेंगे तथा स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री डॉ. यादव 4 अगस्त को प्रातः 7ः20 बजे भोपाल से खण्डवा के लिए प्रस्थान करेंगे तथा प्रातः 11ः57 बजे खण्डवा आयेंगे एवं दोपहर 1 बजे खण्डवा से पंधाना के लिए प्रस्थान करेंगे। मंत्री डॉ. यादव दोपहर 1ः30 बजे पंधाना में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद सायं 5 बजे पंधाना से खण्डवा के लिए प्रस्थान करेंगे तथा सायं 6 बजे खण्डवा से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

दिनांक 03 अगस्त, 2021 को समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार पत्र कतरनें.........

 





































Monday, 2 August 2021

परिवहन विभाग द्वारा फेस लेस ऑनलाइन लर्निंग लायसेंस सेवा प्रारंभ

 परिवहन विभाग द्वारा फेस लेस ऑनलाइन लर्निंग लायसेंस सेवा प्रारंभ


खण्डवा 2 अगस्त, 2021 - मध्यप्रदेष शासन परिवहन विभाग व्दारा कोविड-19 के परिप्रेक्ष्य में एवं आवेदकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुये फेस लेस ऑनलाईन लर्निंग लायसेंस सेवा प्रारंभ की गई है। जिसका औपचारिक षुभारंभ 2 अगस्त को कार्यालय अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी खण्डवा में छात्रा कु. वैभवी भावसार पिता श्री सुनील भावसार निवासी गणेष तलाई खण्डवा के व्दारा फीता काटकर किया गया। इस दौरान अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री जगदीष बिल्लौरे सहित कार्यालयीन स्टॉफ एवं आवेदकगण उपस्थित हुए। उपस्थित समस्त आवेदकों को फेस लेस ऑनलाईन लर्निंग लायसेंस सेवा के बारे में जैसे ऑनलाईन आवेदन करने, टेस्ट देने व लर्निंग लायसेंस प्राप्त करने संबंधी समस्त जानकारी प्रदाय की गई। फेस लेस ऑनलाईन सेवा के माध्यम से अब आवेदक आसानी से लर्निंग लायसेंस का आवेदन कर लायसेंस ऑनलाईन प्राप्त कर सकते है।

नेशनल लोक अदालत 11 सितम्बर को आयोजित होगी

 नेशनल लोक अदालत 11 सितम्बर को आयोजित होगी
बीमा कंपनी के अधिकारी व अधिवक्तागण के मध्य प्रीसिटिंग का आयोजन

खण्डवा 2 अगस्त, 2021 - मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के यथानिर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री एल.डी. बौरासी के मार्गदर्शन से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खंडवा के न्यायाधीश/सचिव श्री हरिओम अतलसिया की अध्यक्षता में 11 सितम्बर, 2021 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के माध्यम से न्यायालयों में लंबित बीमा कंपनी के अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण हेतु सोमवार को बीमा कंपनी के अधिकारी व अधिवक्तागण के मध्य प्रीसिटिंग आयोजित की गयी। इस प्रीसिटिंग में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा के सचिव श्री हरिओम अतलसिया द्वारा बीमा कंपनी के अधिकारियों को क्लेम प्रकरणों के निराकरण के संबंध में उचित निर्देश व पक्षकारों से संपर्क स्थापित करने के निर्देश दिये गये। आयोजित प्रीसिटिंग में न्यू इंडिया कंपनी से श्री एस.के. मालाकर तथा अधिवक्ता श्री शांतिलाल पटेल व श्री हफ़ीज कुरैशी उपस्थित रहें।

वर्तमान में देवेन्द्र जायसवाल आईबीसी-24 के किसी भी पद पर कार्यरत नहीं

 वर्तमान में देवेन्द्र जायसवाल आईबीसी-24 के किसी भी पद पर कार्यरत नहीं

खण्डवा 2 अगस्त, 2021 - आईबीसी-24 के मैनेजिंग एडिटर श्री शिरीष चन्द्र मिश्रा ने बताया कि देवेन्द्र जायसवाल अब खण्डवा जिले में आईबीसी-24 के अंशकालीन संवाददाता नहीं है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में आईबीसी-24 के किसी भी पद पर कार्यरत नहीं है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने अस्पताल में भर्ती 5 महिलाओं से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर स्वास्थ्य की जानकारी ली

 स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने अस्पताल में भर्ती 5 महिलाओं से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर स्वास्थ्य की जानकारी ली


खण्डवा 2 अगस्त, 2021 - सोमवार को जिला अस्पताल लेडी बटलर खंडवा में भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य मंत्री म.प्र. शासन भोपाल डॉ. प्रभुराम चौधरी ने मोबाईल पर सीधा संवाद किया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. ओ.पी. जुगतावत व चिकित्सक उपस्थित थे। सिविल सर्जन द्वारा विडियो कॉल के माध्यम से जिला अस्पताल लेडी बटलर में भर्ती महिला अनिता पति मिश्रीलाल उम्र्र 23 वर्ष से बात की गई। अनिता ने बताया कि मेरा बच्चा कमजोर होने से एसएनसीयू में 1 माह 7 दिन से भर्ती है और वह स्वस्थ है। मंत्री डॉ. चौधरी के पूछने पर बताया कि चिकित्सक व स्टॉफ द्वारा समय पर जांच कर उपचार किया जाता है। उन्होंने कहा कि यहां पर दवाईयां, भोजन सब निःषुल्क मिलता है और यहां की सभी व्यवस्था अच्छी है। इसी प्रकार स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने वन्दना पति सुनिल निवासी ग्राम बडखेड़ी पंधाना से बात की। वंदना ने बताया कि ऑपरेषन से बच्चा हुआ और बच्चा कमजोर होने के कारण एसएनसीयू में उपचार किया जा रहा है मुझे यहां कोई परेषानी नहीं है, सिस्टर व चिकित्सक द्वारा समय पर इलाज करते है।  ग्राम टिगरीया निवासी बूलबूल पति रविन्द्र से भी बता कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। बूलबूल ने बताया कि वह 5 दिन से भर्ती है और ऑपरेषन से बच्चा हुआ है। यहां खाना समय पर मिलता है और समय पर चिकित्सक व स्टॉफ द्वारा देखरेख की जाती है।  भूरीबाई पति भूरेलाल उम्र 28 वर्ष गौल सैलानी मून्दी से भी बात की गई। भूरीबाई ने बताया कि मैं सोमवार से भर्ती हूॅं और सामान्य डिलेवरी हुई है मैं और मेरा बच्चा स्वस्थ है।  गत 31 जुलाई को भर्ती नीता बाई से बातचीत में उन्होंने बताया कि मुझे पानी की कमी थी जिसका इलाज अच्छे से हो रहा है और मेरे स्वास्थ्य में सुधार है अब मुझे आराम है पूरा इलाज व खाना, दवाईयां सभी अस्पताल से प्राप्त होता है। 



मास्क नहीं लगाने वालों पर करें चालानी कार्यवाही - कलेक्टर श्री द्विवेदी

 मास्क नहीं लगाने वालों पर करें चालानी कार्यवाही - कलेक्टर श्री द्विवेदी
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश


खण्डवा 2 अगस्त, 2021 - कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी की अध्यक्षता में सोमवार को जनपद पंचायत छैगांवमाखन के सभाकक्ष में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री द्विवेदी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि कोविड के अनुकूल व्यवहार करने के लिए मास्क नहीं लगाने वाले लोगों पर चालानी कार्यवाही निरंतर की जायें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि कोविड वैक्सीनेशन जो एक दिन में दिए गए लक्ष्य अनुसार शतप्रतिशत लक्ष्य पूर्ति की जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कर शिकायतों का समय सीमा में निराकरण करें। बैठक में कलेक्टर श्री द्विवेदी ने आगामी 15 अगस्त को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के संबंध में संबंधित विभाग को शासन के दिए गए निर्देश के अनुसार स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए कहा। उन्होंने सभी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने कार्यालय में 15 अगस्त के एक दिन पूर्व 14 अगस्त को कार्यालय भवन पर रोशनी की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में बताया कि पुलिस ग्राउण्ड में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में साफ सफाई व्यवस्था के लिए नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोविड में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों के नाम 5 अगस्त तक भेजना सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना - अन्नोत्सव की तैयारियों के संबंध में दिए गए निर्देशों का पालन करना सुनिश्चित करें। 

मुख्यमंत्री श्री चौहान के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का प्रमुख सचिव खाद्य श्री किदवई ने किया निरीक्षण

 मुख्यमंत्री श्री चौहान के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का प्रमुख सचिव खाद्य श्री किदवई ने किया निरीक्षण


खण्डवा 2 अगस्त, 2021 - प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना - अन्नोत्सव का आयोजन आगामी 7 अगस्त को छैगांवमाखन मण्डी ग्राउण्ड से प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुभारंभ किया जायेगा। इस कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में प्रमुख सचिव खाद्य श्री फैज अहमद किदवई द्वारा सोमवार को छैगांवमाखन के मण्डी प्रागंण में आयोजित होने वाले कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, अपर कलेक्टर श्री राजेश जैन व श्री एस.एल. सिंघाड़े सहित विभिन्न अधिकारीगण मौजूद थे। इस दौरान प्रमुख सचिव खाद्य श्री किदवई ने उपस्थित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर साफ सफाई, वाहन पार्किंग व्यवस्था, बैठक व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने छैगांवमाखन में खेल मैदान में बनाए गए अस्थाई हेलीपेड का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री द्विवेदी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे दिए गए निर्देशों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करें। 

‘‘राष्ट्रीय शिशु स्वास्थ्य स्तनपान‘’ विषय पर फोन इन कार्यक्रम 3 अगस्त को

 ‘‘राष्ट्रीय शिशु स्वास्थ्य स्तनपान‘’ विषय पर फोन इन कार्यक्रम 3 अगस्त को

खण्डवा 2 अगस्त, 2021 - ‘‘राष्ट्रीय शिशु स्वास्थ्य स्तनपान’’ विषय पर आशा सजीव फोन इन कार्यक्रम 3 अगस्त को दोपहर 1ः15 से 2ः15 बजे तक आकाशवाणी भोपाल से प्रसारित किया जावेगा। कार्यक्रम प्रसारण के दौरान श्रोता आकाशवाणी के फोन नम्बर 0755-2660902, 2660903 पर सवाल पूछ सकते है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान ने कहा कि सभी आशायें, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता इस कार्यक्रम को ग्राम आरोग्य केन्द्र में बैठकर रेडियो पर स्थानीय ग्रामीण महिलाओं के साथ खुद सुनें तथा गांव के अन्य लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देकर सुनने के लिए प्रेरित करें।  

विधायक स्वेच्छानुदान निधि से पीडि़त परिवारों को आर्थिक सहायता स्वीकृत

 विधायक स्वेच्छानुदान निधि से पीडि़त परिवारों को आर्थिक सहायता स्वीकृत

खण्डवा 2 अगस्त, 2021 - विधायक स्वेच्छानुदान निधि वर्ष 2021-22 के लिए विधानसभा क्षेत्र मांधाता के विधायक श्री नारायण पटेल की अनुशंसा पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पुनासा द्वारा पीडि़त परिवारों को आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। जारी स्वीकृति आदेश अनुसार ग्राम देवला निवासी श्री प्रतीक पटेल एवं नर्मदानगर निवासी श्री मुजफ्फर हुसैन को 5-5 हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। इसके अलावा गौल सैलानी निवासी राहुल गीते व शेर सिंह को 8-8 हजार रूपये की तथा मोरटक्का निवासी अंजु बाई को 7 हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। इसी तहर थापना निवासी संदेश एवं दीपक चैन सिंह, सरल्या निवासी श्री ओम प्रकाश डोडे, सिंगाजी निवासी श्री गणेश, इंधावड़ी निवासी हर्षवर्धन, सलोनी, दीपराज सोलंकी, दिनेश चौहान, नरेन्द्र सिंह सोलंकी, हेमलता सोलंकी, रानी सोलंकी, भोजराज मण्डलोई, राजाराम, तथा जामलापानी निवासी बद्री गोलसार, दामखेड़ा खुर्द निवासी दीपक खरते व कोमल खरते को 10-10 हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। नर्मदा नगर निवासी अर्चना को 4 हजार रूपये की, फिफरी निवासी संजू बाई एवं रेशम बाई, अटूट खास निवासी रामदास, मूंदी निवासी जय श्री अनिल कटारे को 8-8 हजार रूपये की सहायता स्वीकृत की है। इंजलवाड़ा निवासी अनिल कुमार, बीड़ निवासी आयुषी एवं राखी, पुनासा निवासी लताबाई एवं नर्मदाबाई, ओंकारेश्वर निवासी आयोध्या बाई एवं रजू बाई को 5-5 हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। 

बिना अनुमति के जुलूस, धरना व प्रदर्शन करने पर लगा प्रतिबंध

 बिना अनुमति के जुलूस, धरना व प्रदर्शन करने पर लगा प्रतिबंध

खण्डवा 2 अगस्त, 2021 - अपर जिला दण्डाधिकारी श्री एस.एल. सिंघाड़े ने दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत आदेश जारी कर जिले में बिना अनुमति के धरना, प्रदर्शन व जुलूस कार्यक्रमों के आयोजनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब जिले के खण्डवा शहर के साथ साथ हरसूद, पंधाना, मूंदी और ओंकारेश्वर नगरों की सीमा के भीतर कोई भी जुलूस बिना अनुमति के नहीं निकाला जा सकेगा। नगरीय क्षेत्रों में यह सुनिश्चित किया जायेगा कि इन कार्यक्रमों से जन सामान्य को आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। किसी भी आयोजन से कम से कम 15 दिन पूर्व इसकी अनुमति के लिए आवेदन दिया जाना अनिवार्य होगा। 

       जारी आदेश के अनुसार आयोजको की यह जिम्मेदारी होगी कि वे जुलूस या रैली के दौरान मार्ग से निकलने वाले एम्बूलेंस, फायर ब्रिगेड शासकीय वाहनों को मार्ग देकर वाहनों को निकालने में सहयोग करेंगे। रैली, जुलूस के आयोजको को आवेदन मंे अपना मोबाईल नम्बर, फोटोग्राफ तथा रैली में शामिल होने वाले व्यक्तियों की संख्या भी देना होगी। रैली व जुलूस की अनुमति से पूर्व आयोजकों को शामिल होने वाले दो पहिया व चार पहिया वाहनों की संख्या की जानकारी भी देना होगी। प्रतिबंधात्मक आदेश के तहत ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के लिए भी अनुमति लेना होगी। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग रात्रि 10 बजे के बाद करने की अनुमति नही दी जायेगी। इसके साथ ही सार्वजनिक भवनों, खम्बों एवं सड़कों के आसपास झण्डे, बेनर, पोस्टर्स लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। रैली में शामिल वाहनों में ओवर लोडिंग की अनुमति नही दी जायेगी तथा इस तरह के कार्यक्रमों की वीडियों ग्राफी भी अनिवार्यतः करानी होगी। जुलूस आयोजकों को अपने जुलूस की वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी कराना होगी। यह वीडियोग्राफी पुलिस विभाग के निर्देशन में सम्पन्न होगी, जिसका व्यय जुलूस आयोजक को उठाना होगा।

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने पर होगी दण्डात्मक कार्यवाही

 सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने पर होगी दण्डात्मक कार्यवाही

खण्डवा 2 अगस्त, 2021 - वॉटसअप, फेसबुक व सोशल मीडिया के अन्य साधनों से आपत्तिजनक पोस्ट करने एवं धार्मिक भावनाएं भड़काने वालों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी। अपर जिला दण्डाधिकारी श्री एस.एल. सिंघाड़े ने इस संबंध में दण्ड प्रक्रिया की धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिये है। जारी आदेश के अनुसार आपत्तिजनक संदेश या फोटो या वीडियों को फारवर्ड करने अथवा पोस्ट करने पर गु्रप एडमिन तथा संदेश प्रसारित करने वाले के विरूद्ध यह दण्डात्मक कार्यवाही होगी। आदेश का उल्लंघन करने पर धारा 188 के तहत कार्यवाही की जायेगी।

फेसबुक संचालन करने वाले नागरिक तथा वॉटसअप ग्रुप एडमिन अपने ग्रुप में धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाले संदेश के लिए जिम्मेदार होंगे अतः वे स्वयं ऐसा कोई विवादस्पद संदेष न तो खुद प्रसारित करे और ना ही अपने ग्रुप के सदस्यों को ऐसा करने दें। यदि वॉटसअप ग्रुप में कोई आपत्तिजनक संदेश ग्रुप के किसी भी सदस्य द्वारा प्रसारित किया जाता है तो एडमिन की जिम्मेदारी होगी कि वह इसके संबंध में निकटतम पुलिस थाने को सूचित करे। ऐसा न करने पर ग्रुप एडमिन घटना के लिए जिम्मेदार माना जायेगा। सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे वॉटसअप अथवा फेसबुक पर किसी धर्म सम्प्रदाय के संबंध में आपत्तिजनक संदेश या चित्र फारवर्ड न करे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

सायबर कैफे संचालकों को करना होगा प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन

 सायबर कैफे संचालकों को करना होगा प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन

खण्डवा 2 अगस्त, 2021 - अपर जिला दण्डाधिकारी श्री एस.एल. सिंघाड़े ने जिले में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए है। जारी आदेश के अनुसार सायबर अपराधों की घटनाओं को रोकने के लिए सायबर कैफे में सीसीटीवी केमरे लगाना अनिवार्य होगा, जिसकी कम से कम एक महीने तक रिकार्डिंग सुरक्षित रखना होगी। इसकी जिम्मेदारी सायबर कैफे संचालक की होगी। सायबर कैफे में कार्यरत् कर्मचारियों की पूरी जानकारी परिचय पत्र व फोटो सहित निकटतम पुलिस थाने में जमा कराना होगी। सायबर कैफे मालिक अपने वैध लायसेंस की प्रति थाने मंे जमा करायेगा तथा एक प्रति अपने सायबर कैफे में मुख्य स्थान पर प्रदर्शित करेगा। सभी कम्प्यूटर सिस्टम पर पोर्न साइट फिल्टर अनिवार्य रूप से लगाना होगा। सायबर कैफे में कम्प्यूटर उपयोग करने वाले व्यक्तियों की जानकारी रजिस्टर में दर्ज की जायेगी तथा बिना आईडी प्रुफ के कम्प्यूटर संचालन की अनुमति किसी भी व्यक्ति को नहीं दी जायेगी। यदि सायबर कैफे के किसी कम्प्यूटर सिस्टम पर अवांछित सामग्री डाउनलोड की जाती है तो उसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने को देना होगी।

मुसाफिरों, नौकरों व किरायेदारों की देनी होगी जानकारी

 मुसाफिरों, नौकरों व किरायेदारों की देनी होगी जानकारी
धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी

खण्डवा 2 अगस्त, 2021 - अपर जिला दण्डाधिकारी श्री एस.एल. सिंघाड़े ने दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर सभी होटल, लॉज व धर्मषालाओं के संचालको को आदेशित किया है कि उन्हें किसी भी व्यक्ति को ठहराने से पूर्व उसका प्रमाणिक पहचान पत्र अवश्य प्राप्त करें तथा ठहरने वाले व्यक्तियों का विवरण संबंधी थानो को उसी दिन दिया जायें। जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक मकान मालिक को अपने नए किरायेदारों तथा घरेलू नौकरों के स्वामियों को अपने घरों अथवा संस्थानों मंे नियुक्त नए नौकरो से संबंधित जानकारी संबंधित थाने में आवश्यक रूप से देनी होगी। आदेश का पालन न करने पर संबंधित के विरूद्ध धारा 188 के तहत दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी।

अवैध मदिरा की खरीदी-बिक्री करने वालों की जानकारी नियंत्रण कक्ष में दें

 अवैध मदिरा की खरीदी-बिक्री करने वालों की जानकारी नियंत्रण कक्ष में दें

खण्डवा 2 अगस्त, 2021 - खण्डवा जिले में अधिकृत देशी/विदेशी मदिरा दुकानों से ही खरीदी कर सेवन किया जाए। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि यदि अवैध स्थान पर मदिरा की खरीदी-बिक्री की सूचना आम जनता को प्राप्त होती है तो आबकारी नियंत्रण कक्ष खण्डवा के मोबाइल नम्बर 9826074808 पर दे सकते है। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जायेगा।